Karnal: हरियाणा के करनाल जिले से एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सेक्टर 32/33 थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के गर्भवती होने का खुलासा हुआ है। परिजनों को इस बात की जानकारी तब मिली जब लड़की ने पेट दर्द की शिकायत की और उसे अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल को नाबालिग ने अचानक पेट में तेज दर्द की शिकायत की थी। उसकी मां उसे इलाज के लिए करनाल के एक निजी अस्पताल ले गई। डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद अल्ट्रासाउंड की सलाह दी। जब रिपोर्ट सामने आई, तो पता चला कि 14 साल की बच्ची गर्भवती है। इस खबर से परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।
बेटी ने नहीं दी कोई जानकारी
मां के मुताबिक, रिपोर्ट आने के बाद जब उन्होंने बेटी से पूछताछ की, तो उसने डर के मारे कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजन उसे लेकर सीएमओ कार्यालय पहुंचे, जहां से उन्हें नागरिक अस्पताल करनाल रेफर कर दिया गया। फिलहाल नाबालिग को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम नागरिक अस्पताल पहुंची। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने बताया कि 14 अप्रैल को नाबालिग और उसकी मां के बयान दर्ज किए गए हैं। मां की लिखित शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी की पहचान करने के लिए वैज्ञानिक साक्ष्यों और बच्ची से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की मदद ले रही है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।










