धोखाधड़ी का शिकार हुआ युवक: पढ़ाई के लिए जाना चाहता था विदेश, 11 लाख की हुई ठगी  

Symbolic picture.
X
प्रतीकात्मक तस्वीर।
यमुनानगर में विदेश भेजने के नाम पर एक युवक से 11 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने हरजीत सिंह व कालका साउथ दिल्ली निवासी राज शर्मा के खिलाफ केस दर्ज किया।

Yamunanagar: विदेश भेजने के नाम पर कृष्णा नगर चांदपुर निवासी हरीश चंद से 11 लाख रुपए की ठगी हो गई। आरोप जोली इम्मीग्रेशन कंसलटेंट संचालक हरजीत सिंह व कालका साउथ दिल्ली निवासी राज शर्मा पर लगा है। हरीश चंद अपने लड़के गौरव को पढ़ाई के लिए विदेश भेजना चाहता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है।

पढ़ाई के लिए बेटे को भेजना चाहता था सिंगापुर

कृष्णा नगर निवासी हरीश चंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने लड़के गौरव को सिंगापुर भेजना चाहता था। इस दौरान उसकी मुलाकात गोविंदपुरी रोड स्थित जोली इम्मीग्रेशन कंसलटेंट संचालक हरजीत सिंह के साथ हुई। आरोपी ने उसके लड़के को 20 दिन में सिंगापुर का वीजा दिलवाने की बात कहकर उससे 50 हजार रुपए ले लिए। मगर उसके लड़के को सिंगापुर का वीजा नहीं मिला। इसके बाद आरोपी उसे कहने लगा कि वह उसके लड़के गौरव को यूरोप के माल्टा देश में भेज देगा। उसकी वहां पर अच्छी जानकारी है। इसके लिए आरोपी ने 12 लाख रुपए का खर्च आने की बात कही। उसने आरोपी पर विश्वास करके हां कर दी। इसके बाद आरोपी ने उसके लड़के के दस्तावेज व 50 हजार रुपए ले लिए। आरोपी ने जल्द ही उसके लड़के को माल्टा भेजने का आश्वासन दिया।

फीस व वीजा लगवाने के बहाने ठगे 11 लाख

हरीश चंद ने बताया कि आरोपी ने उससे अलग-अलग करके करीब 11 लाख रुपए ले लिए और कहा कि उसने गौरव की कॉलेज में फीस जमा करवा दी है और उसके लड़के का वीजा आ गया है। जब उसने आरोपी से कॉलेज फीस की रशीद दिखाने के लिए कहा तो वह आनाकानी करने लगा। इसके बाद उसका लड़का तुर्की के रास्ते से माल्टा पहुंच गया। जब उसने वहां जाकर दस्तावेज दिखाए तो वह फर्जी मिले। वहां से उसे वापस आने के लिए कहा। इसके बाद उसने गौरव की वापसी की टिकट करवाई। जिसके बाद उसका लड़का वापस घर पहुंचा। जब वह आरोपी से मिला तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उसके लड़के के इमेल से माल्टा के कॉलेज में फीस रिफंड के बारे में बात की तो फीस रिफंड करने से मना दिया।

फर्जी ईमेल बनाकर युवक को किया गुमराह

शिकायतकर्ता हरीश चंद ने बताया कि जांच में पता चला कि कालका साउथ दिल्ली निवासी राज शर्मा ने अपनी ई मेल के जरिए उससे बात की और फीस के पैसे रिफंड करने से मना कर दिया। उसने आरोप लगाया कि दोनों आरोपियों ने आपस में मिलकर उसके साथ धोखाधड़ी की है। उसने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है, जिसके बाद मामले का खुलासा होगा।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story