Logo
पहली घटना नंगला एंक्लेव की है, जहां 17 वर्षीय लड़की ने घर में मामूली कहासुनी के बाद कमरे में फंदा लगा लिया। दूसरी घटना राजीव कॉलोनी की है, जहां सुबह से ही काफी गुमसुम 14 साल की किशोरी ने सुसाइड कर लिया।

हरियाणा के औद्योगिक शहर फरीदाबाद में शुक्रवार शाम दो अलग-अलग इलाकों में दो किशोरियों ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इन घटनाओं ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया है। 

नंगला एंक्लेव में मामूली विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम 
पहली घटना सारन थाना अंतर्गत आने वाले नंगला एंक्लेव पार्ट-2 की है। यहां रहने वाली एक 17 वर्षीय किशोरी ने घर के अंदर छत के पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। परिजनों के अनुसार घटना से पहले घर में किसी छोटी सी बात को लेकर हल्की कहासुनी हुई थी। इस बात से नाराज होकर युवती अपने कमरे में चली गई और अंदर से कुंडी लगा ली। 
जब करीब आधे घंटे तक वह कमरे से बाहर नहीं निकली, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका में दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर किसी तरह दरवाजा तोड़ा गया, तो सामने का मंजर देख सबकी रूह कांप गई। किशोरी चुन्नी के सहारे पंखे से झूल रही थी। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।  

राजीव कॉलोनी में सुबह से खामोश थी 14 साल की मासूम 
आत्महत्या की दूसरी दुखद वारदात सेक्टर-58 थाना क्षेत्र की राजीव कॉलोनी में घटित हुई। यहां मात्र 14 वर्ष की एक बच्ची ने घर के कमरे में फांसी लगा ली। परिजनों ने बताया कि वह सुबह से ही काफी शांत थी और किसी से ज्यादा बात नहीं कर रही थी। शाम करीब 7 बजे वह अपने कमरे में गई और दरवाजा बंद कर लिया। 
काफी देर तक जब कोई हलचल नहीं हुई, तो परिवार वालों ने कमरे में प्रवेश किया, जहां वह फंदे पर लटकी मिली। उसे तुरंत बल्लभगढ़ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत पाया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। 

सुसाइड नोट न मिलने से गुत्थी उलझी 
पुलिस प्रशासन दोनों ही मामलों को गंभीरता से ले रहा है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों ही स्थानों से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे खुदकुशी के वास्तविक कारणों का खुलासा फिलहाल नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों के बयानों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या लड़कियां किसी मानसिक दबाव या अन्य किसी समस्या से जूझ रही थीं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ। 

5379487