Logo
हरियाणा के सोनीपत में खेत में गए युवक पर 3 लोगों ने जानलेवा हमला करते हुए कई राउंड फायर किए। इसके बाद आरोपियों ने पिस्तौल के बल पर एक बाइक लूटी। पुलिस ने पीड़ितों के बयान पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Sonipat: बहालगढ़ थाना क्षेत्र के गांव जाजन के खेत में गए युवक पर तीन हमलावरों ने जानलेवा हमला करते हुए कई राउंउ फायर कर दिए। युवक अपने पिता के साथ खेत में गया हुआ था। वहीं कुछ देर बाद यमुना बांध के पास ससुराल से वापिस लौटते समय युवक की मोटरसाइकिल लूट ली। लूट की वारदात का आरोप भी तीन बदमाशों पर है। पुलिस ने इस संबंध में अलग-अलग दो मुकदमें दर्ज कर लिए है। पुलिस मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दे रही है।

खेत में जाते समय आरोपियों ने रोका पीड़ित युवक

गांव जाजन निवासी बलराम ने बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। गत बुधवार को अपने बेटे के साथ बाइक पर सवार होकर अपने खेत में गया था। अपने ट्यूबवेल से ढाई एकड़ पहले ही बाइक से उतर गया। उसके बाद बेटे को ट्यूबवेल पर भेज दिया। ट्यूबवेल से पहले ही गांव के शुभम व दो अन्य युवकों ने उनके बेटे को रोक लिया। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए उनके बेटे पर फायरिंग शुरू कर दी। वह बचकर उनकी तरफ भाग आया। हमलावरों ने कई राउंड फायर किए। उसका बेटा किसी तरह बच गया। हथियारबंदर युवक वारदात को अंजाम देने के बाद यमुना बांध की तरफ भाग गए। उनके बेटे सौरभ ने बताया कि शुभम के साथ उनकी मंदिर में मामूली बात पर एक सप्ताह पहले बहस हुई थी। उसी दौरान आरोपितों ने धमकी दी थी, जिसकी रंजिश के चलते युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया।

पिस्तौल के बल पर बाइक लूटी

गांव जाजल के पास स्थित यमुना बांध पर तीन बदमाशों ने ससुराल से वापस लौट रहे युवक पर पिस्तौल तान कर उनकी बाइक छीन ली। उत्तर प्रदेश के जिला शामली के गांव तीतरवाड़ा निवासी प्रवीन ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि वह मेहनत मजदूरी का काम करता है। उनकी ससुराल सोनीपत के गांव टांडा में है। वह बुधवार को अपनी बाइक पर सवार होकर गांव टांडा स्थित अपनी ससुराल आया था। बाद में वह जब बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव जा रहा था तो जाजल के पास यमुना बांध के निकट दो युवक खड़े मिले। उनके हाथों में पिस्तौल थी। दोनों ने अपनी पिस्तौल उन पर तानकर बाइक छीन ली। इस दौरान एक अन्य युवक भी सोनीपत नंबर की बाइक लिए खड़ा था। बाइक छीनने के बाद तीनों उनकी बाइक पर ही सवार होकर मौके से भाग गए। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

5379487