Sirsa Lok Sabha Seat: अशोक तंवर व सुनीता दुग्गल के बीच फंसी भाजपा की टिकट, पैनल में 5 नाम

Former MP Ashok Tanwar and MP Sunita Duggal
X
पूर्व सांसद अशोक तंवर व सांसद सुनीता दुग्गल।
सिरसा लोकसभा सीट के लिए भाजपा की राह आसान नहीं। टिकट के लिए 5 लोगों की सूची बनाई गई। इनमें से अशोक तंवर व सुनीता दुग्गल में से किसी एक का चयन होने की संभावना अधिक है।

Sirsa: लोकसभा चुनावों को लेकर अभी तक आचार सहिंता लागू नहीं हुई है। लोकसभा चुनाव मई से पहले होने हैं, ऐसे में आचार सहिंता कभी भी लागू हो सकती है। इससे पहले राजनैतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। प्रदेश भाजपा ने चुनाव समिति की बैठक में राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने वाले संभावित उम्मीदवारों का पैनल तैयार कर लिया है। अब देखना यह होगा कि किसे टिकट मिलती हैं और किसके हाथ खाली रहते हैं। एक सीट पर कई उम्मीदवार है, जिससे नाम तय करना पार्टी आलाकमान के लिए मुश्किल हो रहा है। वीरवार को भाजपा चुनाव प्रचार समिति ने लोकसभा पर्यवेक्षकों को हर लोकसभा रिपोर्ट की पैनल लिस्ट सौंप दी है।

तंवर व दुग्गल के बीच किसे मिलेगी टिकट

सिरसा लोकसभा सीट के लिए भाजपा की वर्तमान सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व सांसद अशोक तंवर, पूर्व आईपीएस अधिकारी वी.कामराज, पूर्व विधायक बलकौर सिंह व अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन रविन्द्र बलियाला के नामों की दावेदारी बताई गई है। भाजपा के पैनल में 5 नाम आने से अब लोकसभा क्षेत्र में इनके नामों की चर्चा चल निकली है। लोग अपने गणित व जाति के हिसाब से यह गणना लगाने में जुटे हैं कि किसको कितने मत मिलेंगे और कौन कितने वोटों से जीत सकता है। हालांकि भाजपा हाईकमान यह भी मंथन कर रहा है कि मौजूदा सांसद को पुन: टिकट दिया जाए या नहीं। बता दें कि भाजपा के पर्यवेक्षकों ने यह रिपोर्ट जिला स्तर पर जाकर पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ताओं व नेताओं से उनके विचारों के आधार पर बनाई है। फिलहाल इस सीट पर पांच दावेदारों के नाम भेजे गए हैं।

2019 में तंवर को हरा चुकी है सुनीता दुग्गल

2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की सांसद सुनीता दुग्गल ने कांग्रेस के अशोक तंवर को 3 लाख से अधिक वोटों से हराया था। इससे पूर्व 2014 के चुनाव में कांग्रेस के अशोक तंवर को इनेलो के चरणजीत रोड़ी ने 1 लाख से अधिक वोटों से हराया था। ऐसे में माना जा रहा है कि टिकट पहले दो दावेदारों अशोक तंवर व दुग्गल के बीच ही ज्यादा रहने की संभावना है। अशोक तंवर का नाम अंबाला लोकसभा की सूची में भी है। अगर तंवर के अंबाला से टिकट मिलती है तो सिरसा लोकसभा से सुनीता दुग्गल व रविन्द्र बलियाला में से एक का मैदान में उतरना तय है।

कांग्रेस ने भी लोकसभा क्षेत्रों के नामों की बनाई सूची

कांग्रेस ने भी सभी लोकसभा क्षेत्रों से अपने दावेदारों के नाम केन्द्रीय चुनाव समिति को भेजने के लिए सूची तैयार कर ली है, जिसमें 3 से 4 दावेदारों के नाम है। पता चला है कि सिरसा लोकसभा सीट के लिए पूर्व मंत्री कुमारी सैलजा, पूर्व सांसद डॉ. सुशील इंदौरा, पूर्व विधायक शीशपाल केहरवाला, पूर्व विधायक जरनैल सिंह व जनक राज अटवाल के नाम शामिल हैं। इसके अलावा सैलजा गुट से स्वयं कुमारी सैलजा व उनके समर्थक पूर्व सांसद चरणजीत रोड़ी के नामों की पूरी चर्चा है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story