नाबालिग के साथ दुष्कर्म: झाड़ फूंक से उपचार करने के नाम पर आरोपी ने दिया वारदात को अंजाम, जान से मारने की दी धमकी

Symbolic picture
X
प्रतीकात्मक तस्वीर।
यमुनानगर में नाबालिग के साथ झाड़ फूंक कर उपचार करने के नाम पर दुष्कर्म किया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर केस पंजाब के जीरकपुर ट्रांसफर कर दिया

Yamunanagar: झाड़ फूंक से उपचार करने के नाम पर तेजिंद्र पाल सिंह ने 17 साल की नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। जब किशोरी ने इस बारे में अपने परिजनों को बताने की बात कही तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। तबीयत बिगड़ने पर पीड़िता ने इस बारे में अपने परिजनों को बताया। परिजनों ने तेजिंद्र पाल के खिलाफ थाना गांधीनगर में शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज करते हुए केस को पंजाब के जीरकपुर पुलिस को ट्रांसफर कर दिया। जीरकपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दिव्यांग नाबालिग का झाड़ फूंक से उपचार करवाने गए थे पीड़ित

फरकपुर थाना क्षेत्र की कॉलोनी निवासी युवती ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय छोटी बहन बचपन से ही दिव्यांग है। 2023 में वह तनाव में रहने लगी, जिसका इलाज चल रहा था। इस दौरान किसी ने बताया कि चंडीगढ़ लोहगढ़ धाम जीरकपुर की दशमेश कॉलोनी में तेजिंद्र पाल सिंह नाम का एक साधू हैं, जो झाड़ फूंक करता है। वह बहन को परिजनों के साथ लेकर तेजिंद्र पाल सिंह के पास गए। तेजिंद्र ने उन्हें बताया कि झाड़ फूंक करके वह उसे ठीक कर देगा। तब उसने थोड़ा बहुत उपचार करके उन्हें दोबारा 13 मार्च को आने के लिए कहा। जब यहां पहुंचे तो तेजिंद्र पाल ने उसकी दिव्यांग बहन को वहीं रख लिया और उसके माता-पिता को बाहर ही इंतजार करने को कहा। अपने सेवादार हैप्पी सिंह से किसी को भी अंदर न आने देने के निर्देश दिए।

बंद कमरे में तेजिंद्र पाल ने दिव्यांग के साथ दुष्कर्म किया

शिकायतकर्ता युवती ने बताया कि तेजिंद्र पाल सिंह ने बंद कमरे में उसकी दिव्यांग बहन के साथ गलत काम किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। वहां से घर आए तो किशोरी की तबीयत बिगड़ गई। उसे बुखार हो गया और उल्टियां होने लगी। जब बहन से पूछा तो उसने आरोपी तेजिंद्र सिंह द्वारा उसके साथ किए गए दुष्कर्म के बारे में बताया। परिजनों ने इसकी शिकायत थाने में दी। घटना जीरकपुर की है इसलिए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर केस को ट्रांसफर कर दिया। अब जीरकपुर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story