हरियाणा के रेवाड़ी जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां के बव्वा गांव में महज चंद पैसों के लेन-देन को लेकर भांजे ने अपने ही मामा की जान ले ली। रविवार की रात हुई इस हिंसक झड़प में गुरुग्राम से आए भांजे ने साथियों के साथ मिलकर अपने मामा पर हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने अब इस मामले में मुख्य आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
घर के भीतर घुसकर किया हमला
मृतक की पहचान 45 वर्षीय परशुराम के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार रविवार की रात करीब 8:30 बजे परशुराम अपने परिवार के साथ घर पर थे। तभी उनका भांजा रोहित (निवासी गुरुग्राम) अपनी पत्नी ज्योति और 7-8 अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा। रोहित मूल रूप से दखोरा का रहने वाला है और वह गांव में ही एक शादी समारोह में शामिल होने आया था।
पत्नी और बच्चों के सामने तोड़ा दम
परशुराम की पत्नी सुमन देवी द्वारा दी गई शिकायत के मुताबिक रोहित ने आते ही पैसों को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि रोहित और उसकी पत्नी ने परशुराम की गर्दन पकड़कर उन्हें जोर से धक्का दिया। धक्का लगने के कारण परशुराम का सिर दरवाजे की दहलीज (पैड़ी) पर जाकर लगा, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने आई पत्नी सुमन और उसकी बहन शर्मिली के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
बेटे ने बनाया धमकी का वीडियो
हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रोहित और उसके साथी परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इस पूरी घटना के दौरान परशुराम के बेटे ने आरोपियों की धमकियों का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब पुलिस के लिए अहम सबूत बन सकता है। आनन-फानन में परिजन परशुराम को कनीना के अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस और फोरेंसिक टीम की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही कोसली थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने मौके पर 'सीन ऑफ क्राइम' टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और सुमन देवी के बयानों के आधार पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।











