फैक्ट्री से छुट्टी लेकर 11 मजदूर ईद मनाने अपने घर बरेली (यूपी) जा रहे थे। रास्ते में एक खड़ी कार को बचाने के चक्कर में वैन की रफ्तार कम हुई, तभी पीछे से आ रही राजस्थान रोडवेज की बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

हरियाणा के पानीपत जिले में समालखा के पास जीटी रोड पर देर रात एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना सामने आई है। नेशनल हाईवे पर उत्सव गार्डन के समीप एक तेज रफ्तार बस ने ईको वैन को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद वैन में भीषण आग लग गई। इस हादसे में वैन सवार एक युवती की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। 

ईद मनाने घर जा रहे थे 
उत्तर प्रदेश के बरेली के रहने वाले लगभग 11 मजदूर पानीपत की एक फैक्ट्री में काम करते थे। त्योहार के मद्देनजर फैक्ट्री से छुट्टी लेकर ये सभी लोग ईको वैन (यूयूपी नंबर) में सवार होकर अपने गांव बरेली जा रहे थे। मजदूरों की आंखों में ईद की खुशियां थीं, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। समालखा पहुंचते ही उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। 

राजस्थान रोडवेज की थी अनियंत्रित बस 
हादसे के चश्मदीद और कुरुक्षेत्र निवासी सुनील ने बताया कि वह अपनी बहन को दिल्ली एयरपोर्ट से लाने के लिए अपनी एमजी हेक्टर कार से जा रहे थे। समालखा में उत्सव गार्डन के पास सड़क पर एक सेलेरियो कार पहले से खड़ी थी। जैसे ही सुनील ने अपनी कार की गति धीमी की, पीछे से आ रही ईको वैन ने उन्हें टक्कर मार दी। 
अभी वैन सवार संभल ही रहे थे कि पीछे से पानीपत की ओर से आ रही राजस्थान रोडवेज की एक अनियंत्रित बस ने ईको वैन को पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस वैन को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। 

सीएनजी सिलेंडर फटने से भड़की आग 
बस की रगड़ और टक्कर के कारण वैन में लगा सीएनजी सिलेंडर अचानक फट गया। धमाका होते ही वैन आग का गोला बन गई। देखते ही देखते लपटों ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। वैन में सवार अधिकांश लोग तो किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन एक युवती का पैर सीट के बीच फंस गया। आग इतनी तेजी से फैली कि चाहकर भी उसे बाहर नहीं निकाला जा सका और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि बस के केबिन का हिस्सा भी जलने लगा। 

फायर ब्रिगेड और पुलिस की कार्रवाई 
घटना की सूचना मिलते ही समालखा थाना प्रभारी गुलशन कुमार और हाईवे पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल विभाग की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान जीटी रोड पर लंबा जाम लग गया, जिसे खुलवाने के लिए पुलिस को वन-वे ट्रैफिक सुचारू करना पड़ा। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे किया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

अस्पताल में भर्ती घायल, चालक फरार 
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल भेज दिया है। वहीं, हादसे में घायल हुए तीन अन्य लोगों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद ईको वैन और राजस्थान रोडवेज बस के चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालकों की तलाश शुरू कर दी है। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।