haribhoomi hindi news
बाबा प्रेमनाथ खेल अकादमी में चल रहे टूर्नामेंट में 21 राज्यों की 42 टीमें हिस्सा ले रही हैं। दूसरे दिन के मुकाबलों में हरियाणा के लड़कों ने शानदार प्रदर्शन कर महाराष्ट्र को 13 अंकों से शिकस्त दी।

हरियाणा के जींद जिले का उचाना क्षेत्र इन दिनों खेल के रंग में रंगा हुआ है। यहां आयोजित तीन दिवसीय नेशनल लेवल कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त रोमांच देखने को मिला, 40 फूटा स्थित बाबा प्रेमनाथ खेल अकादमी के मैदानों पर कबड्डी के मैदान में दांव-पेंच और दमखम का ऐसा प्रदर्शन हुआ कि दर्शक दांतों तले उंगलियां दबाने को मजबूर हो गए। 

हरियाणा और राजस्थान का रहा बोलबाला 
प्रतियोगिता के दूसरे दिन स्थानीय टीम हरियाणा ने अपने दबदबे को बरकरार रखा। लड़कों के वर्ग में हरियाणा ने महाराष्ट्र के खिलाफ शानदार खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की। वहीं, लड़कियों के वर्ग में राजस्थान की टीम ने बेहतरीन तालमेल का परिचय देते हुए गुजरात को शिकस्त दी। हरियाणा की टीम ने एक अन्य मुकाबले में हिमाचल प्रदेश को भी 21 अंकों के विशाल अंतर से हराकर अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है। 

21 राज्यों की 42 टीमें दिखा रही दम 
कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (KFI) के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य प्रतियोगिता में देश के 21 अलग-अलग राज्यों से कुल 42 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें लड़कों और लड़कियों, दोनों वर्गों के मैच साथ-साथ चल रहे हैं। आयोजन को सुचारू रूप से चलाने के लिए चार विशेष मैदान (मैट) तैयार किए गए हैं। खिलाड़ियों के ठहरने के लिए पालवां चबूतरा, ब्राह्मण धर्मशाला और स्थानीय स्कूलों में पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं।

ग्रामीण अंचल का गौरव है कबड्डी : खाप प्रधान
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सर्व जातीय दाडऩ खाप के प्रधान रणधीर श्योकंद ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि कबड्डी हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश की रगों में बसता है। ग्रामीण परिवेश का यह खेल अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुका है। श्योकंद ने घोषणा की कि खाप के गांवों का कोई भी खिलाड़ी यदि राष्ट्रीय या प्रदेश स्तर पर पदक जीतता है, तो उसे विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि यहां बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमें आगामी एशियन कबड्डी लीग में अपना स्थान सुरक्षित करेंगी। 

दो मुकाबले हुए टाई 
मैदान पर खिलाड़ियों की जिद्द और जीत के जुनून ने मुकाबलों को बेहद करीबी बना दिया। लड़कों के वर्ग में लद्दाख और मध्य प्रदेश के बीच हुआ मैच कांटे की टक्कर वाला रहा, जहां दोनों टीमें 28-28 अंक लेकर बराबरी पर रहीं। इसी तरह, लड़कियों के वर्ग में बिहार और दिल्ली के बीच हुआ मुकाबला भी 17-17 अंकों के साथ टाई पर समाप्त हुआ।

तमिलनाडु की टीम मैच के समय पर उपस्थित नहीं हो सकी 
प्रतियोगिता के दौरान कुछ टीमों को वाकओवर (Walkover) भी मिला। लड़कों के वर्ग में तमिलनाडु की टीम मैच के समय पर उपस्थित नहीं हो सकी, जिसके चलते पंजाब को विजेता घोषित कर दिया गया। अन्य परिणामों में गुजरात ने जम्मू-कश्मीर को 11 अंकों से हराया। गोवा ने झारखंड पर 10 अंकों से जीत हासिल की। मणिपुर ने त्रिपुरा को 17 अंकों के अंतर से मात दी। लड़कियों के वर्ग में पंजाब ने मध्य प्रदेश को 36 अंकों के भारी अंतर से हराया। ओडिशा ने हिमाचल को 19 अंकों से पराजित किया। दिल्ली ने लद्दाख को 27 अंकों के अंतर से धूल चटाई। 

बेटियों के बढ़ते कदमों की सराहना 
आयोजन समिति और अतिथियों ने खेलों में लड़कियों की बढ़ती भागीदारी पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में बेटों के कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। अभिभावकों का नजरिया बदल रहा है और वे अपनी बेटियों को खेल के मैदान में पसीना बहाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। इस दौरान केएफआई टेक्निकल चेयरमैन महावीर, प्रदीप पालवां और कई गांवों की खाप पंचायतों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। 

(हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें। ) 

7