रायपुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर और रायगढ़ में रविवार को दो अलग- अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मृतकों और घायल की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार दंपति की मौत
वहीं रायगढ़ के घरघोड़ा के अमलीडीह के पास ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार दंपति की मौके पर मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। वहीं घरघोड़ा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)









