हरियाणा के भिवानी में चार वर्षीय मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विहान अपनी मां के साथ रात को सोया था, लेकिन जब सुबह वह नहीं जगा, तो उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति-पत्नी एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
नीले पड़ गए थे हाथ और होंठ
विहान की मां नेहा ने बताया कि रात को बेटा बिल्कुल ठीक-ठाक उसके पास सोया था। सुबह करीब 9 बजे जब नेहा की आंख खुली तो उसने विहान के शरीर में कोई हलचल नहीं देखी। नेहा के अनुसार बच्चे के हाथ और होंठ नीले पड़ चुके थे। घबराकर उसने शोर मचाया और पड़ोसियों की मदद से ई-रिक्शा के जरिए बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। नेहा का कहना है कि उसका बेटा बीमार नहीं था, लेकिन सुबह अचानक उसे इस हालत में देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
प्रेम विवाह से शुरू हुआ सफर, कोर्ट-कचहरी तक पहुंचा
इस कहानी की शुरुआत साल 2018 में हुई थी, जब हिसार के बगला निवासी अंशुल और भिवानी की नेहा ने प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में सब कुछ ठीक रहा और उन्हें विहान के रूप में एक बेटा मिला। हालांकि, पिछले दो वर्षों से दोनों के रिश्तों में ऐसी खटास आई कि मामला अदालती केस और थानों तक पहुंच गया। नेहा पिछले दो साल से अपने मायके में रह रही थी और दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ दहेज और खर्चे के मुकदमे दर्ज कराए हुए थे।
पिता के सनसनीखेज आरोप
हिसार से भिवानी पहुंचे विहान के पिता अंशुल ने अपनी पत्नी पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। अंशुल का दावा है कि नेहा के किसी अन्य युवक के साथ संबंध हैं और उसने जानबूझकर विहान को रास्ते से हटा दिया है। अंशुल ने पुलिस को बताया कि सुबह नेहा का फोन आया कि बेटा बीमार है, लेकिन थोड़ी ही देर बाद उसने विहान के पहचान पत्र की मांग शुरू कर दी, जिससे उसे शक हुआ। अंशुल का आरोप है कि नेहा पहले भी घर छोड़कर उत्तर प्रदेश जा चुकी थी और वह विहान को ठीक से नहीं रख रही थी।
पुराने विवाद और कस्टडी की जंग
नेहा ने पति के आरोपों को नकारते हुए कहा कि अंशुल खुद उसे और बच्चे को जान से मारने की धमकियां देता था। नेहा के अनुसार, अंशुल पहले भी विहान को जबरन उठाकर ले गया था। इसी विवाद के चलते दोनों परिवारों के बीच गहरी खाई बन गई थी। नेहा का कहना है कि विहान का इसी साल स्कूल में दाखिला कराया गया था और वह अपने बेटे के साथ अपनी नई जिंदगी शुरू करने की कोशिश कर रही थी।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
जैन चौक पुलिस चौकी के जांच अधिकारी उद्यम सिंह ने बताया कि बच्चे के पिता और मां दोनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस ने विहान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह अभी रहस्य बनी हुई है। क्या बच्चे की मौत किसी बीमारी से हुई, या यह एक सोची-समझी साजिश है, इसका खुलासा केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो पाएगा।









