Logo
Loksabha Elections 2024 Phase 6: लोकसभा चुनाव के छठे चरण का मतदान आज 25 मई संपन्न हो गया है। इस चरण में हरियाणा की भी सभी दस लोकसभा सीट पर वोटिंग हुई। प्रदेश में कुल 59.3 फीसदी मतदान हुआ है।

Haryana LokSabha Election: लोकसभा चुनाव के छठे चरण में आज 25 मई को हरियाणा में मतदान हुआ। मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है, जो कि शाम 6 बजे तक चली। राज्य में कुल दस लोकसभा सीटों से 223 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। इनमें 207 पुरुष तो वहीं 16 महिला उम्मीदवार हैं। इनकी किस्मत का फैसला राज्य के लगभग दो करोड़ वोटर्स के हाथ में रहा। प्रदेश में मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है, लेकिन जेजेपी और इनेलो भी नतीजों में खासा फेरबदल कर सकते हैं। यहां पढ़िये मतदान से जुड़ी तमाम अपडेट्स...

हरियाणा में मतदान संपन्न

हरियाणा में सभी दस लोकसभा सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है। जारी आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा में 59.4 फीसदी मतदान हुआ है।

कहां कितना हुआ मतदान

हरियाणा में शाम 6 बजे तक 59.4 फीसदी मतदान हुआ है। हरियाणा की अंबाला सीट पर 62.3 फीसदी, सिरसा में 63 फीसदी,  फरीदाबाद में 55.5 फीसदी, कुरुक्षेत्र लोकसभा में 62 फीसदी, भिवानी महेंद्रगढ़ सीट पर 60.3 फीसदी, रोहतक में 60.2 फीसदी, सोनीपत में 57.5 फीसदी, हिसार में 59 फीसदी, गुरुग्राम में 57 फीसदी और करनाल में 59.1 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं, करनाल उपचुनाव के लिए 54.8 फीसदी मतदान हुआ है।

शांतिपूर्वक मतदान के लिए मतदाताओं का धन्यवाद- दीपेंद्र हुड्डा

रोहतक लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मैं शांतिपूर्वक मतदान करने के लिए मतदाताओं को धन्यवाद देता हूं। हरियाणा की जनता हरियाणा के भविष्य, संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए बदलाव की मांग कर रही है। मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं। रोहतक लोकसभा सीट पर मतदाताओं का आशीर्वाद मिल रहा है और कांग्रेस हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटें जीत रही है।

वोटिंग टाइम खत्म, शाम 5 बजे तक 57.02 प्रतिशत मतदान

हरियाणा में शाम 5 बजे 57.02 प्रतिशत मतदान हुआ है। हालांकि, अब वोट करने का समय खत्म हो चुका है। अब जो लाइन में लगे हुए हैं सिर्फ वही लोग वोटिंग कर पाएंगे।

दोपहर 3 बजे तक 46.26 प्रतिशत मतदान

हरियाणा में दोपहर 3 बजे 46.26 प्रतिशत मतदान हुआ। हालांकि, अभी वोटिंग की प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चलेगी।

बादशाहपुर से निर्दलीय विधायक का निधन

गुरुग्राम में लोकसभा चुनाव के लिए जारी मतदान के बीच आज बादशाहपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक राकेश दौलताबाद का निधन हार्ट अटैक के चलते निधन हो गया। विधायक राकेश दौलताबाद सुबह 10:30 हार्ट अटैक के वक्त अपने घर पर ही मौजूद थे। उनके बेटे द्वारा उन्हें तुरंत गुरुग्राम के पालम विहार स्थित मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।  

हरियाणा में 1 बजे तक 36.48 प्रतिशत हुआ मतदान

हरियाणा में 1 बजे तक 36.48 प्रतिशत मतदान हो चुका है। प्रदेश में लोग वोटिंग करने पॉलिंग बुथ पहुंच रहे हैं।

अभय सिंह चौटाला ने किया मतदान 

इनेलो के नेता अभय सिंह चौटाला ने सिरसा के पी.एम.श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अपना वोट डाला। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा की गलतफहमी लोग दूर कर देंगे। लोगों का विश्वास INLD पार्टी के प्रति काफी बढ़ा है। नतीजे बहुत चौकाने वाले होंगे। अभय सिंह चौटाला कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट उम्मीदवार है।

दीपेंद्र हुड्डा की मां और पत्नी ने किया मतदान

रोहतक लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार दीपेंद्र सिंह हुड्डा की पत्नी श्वेता हुड्डा ने मतदान किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि हरियाणा देश के बाकी हिस्सों से अलग नहीं है। यहां कुछ मुद्दे हैं जो दूसरों से ज्यादा मायने रखते हैं। किसानों से और सेना से जुड़े मुद्दों का यहां असर होगा। वहां, दीपेंद्र सिंह हुड्डा की मां आशा हुड्डा ने कहा वह जीतेंगे और उन्हें जीतना चाहिए। 

भूपिंदर सिंह हुड्डा ने किया मतदान

हरियाणा के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा अपने पैतृक गांव सांघी रोहतक में एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस बार कांग्रेस के पक्ष में लहर है। 

दीपेंद्र सिंह हुड्डा बोले लोगों का मिल रहा भरपूर प्यार 

रोहतक लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने वोट डालने के बाद कहा कि लोगों का पूरा आशीर्वाद मुझे मिल रहा है। बड़े बहुमत से रोहतक लोकसभा सीट कांग्रेस जीतेगी। रोहतक ही नहीं हरियाणा की सभी 10 सीटों पर INDIA गठबंधन जीत के लिए आगे बढ़ चुका है। हरियाणा के लोगों ने बदलाव का मन बना लिया है।

राहुल फाजिलपुरिया ने वोट डालने से पूजा की

गुरुग्राम लोकसभा सीट से जेजेपी प्रत्याशी राहुल फाजिलपुरिया ने मतदान केंद्र पर पेड़ लगाने और मंदिर में पूजा करने के बाद अपना वोट डाला।

11 बजे तक 22.09 प्रतिशत हुआ मतदान 

हरियाणा में 11 बजे तक 22.09 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं, अगर लोकसभा सीट के मुताबिक देखें तो अंबाला में 22.30 प्रतिशत, भिवानी-महेंद्रगढ़ में 24.32, फरीदाबाद में 19.55, गुरुग्राम में 17.42, हिसार में 22.18, करनाल में 22.04, कुरुक्षेत्र में 26.10, रोहतक में 22.15, सिरसा में 24.71 और सोनीपत में 22.88 प्रतिशत मतदान हुआ। 

चुनावी डयूटी में लगे कर्मचारी की हार्ट अटैक से मौत

सोनीपत में चुनाव ड्यूटी पर दिल का दौरा पड़ने से कर्मचारी की मौत हो गई है। दरअसल, सरकारी स्कूल में क्लर्क बिरेंद्र की सोनीपत में चुनाव ड्यूटी के दौरान दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक गांव गंगाना निवासी बिरेंद्र पुगथला सरकारी स्कूल में क्लर्क के पद पर कार्यरत थे। सेरसा जाटी गांव में उनकी चुनाव की ड्यूटी लगी थी। वीरवार को चुनाव ड्यूटी पर जाते समय उनकी तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उन्हें फौरन अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया है।

अनिल विज ने लोगों से मतदान करने की अपील की

हरियाणा के पूर्व गृह मंत्री अनिल विज ने अंबाला में वोट  डाला। इसके बाद मीडिया से रुबरु होते हुए उन्होंने ने कहा कि मैं इस चुनाव के दिन सभी को शुभकामनाएं देना चाहता हूं और लोगों से अपील करता हूं कि वे वोट डालकर इस त्योहार में अपना योगदान दें और उन्हें दिए गए अधिकार का इस्तेमाल करें।

अरविंद शर्मा ने डाला वोट

रोहतक लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अरविंद शर्मा ने सरकारी मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल छावनी बूथ नंबर-71 पर अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि अपने वोट का इस्तेमाल करें। 

9 बजे तक किस सीट पर कितने प्रतिशत मतदान हुआ

टर्न आउट एप के आंकड़ों के मुताबिक सुबह 9 बजे तक हरियाणा की सभी सात लोकसभा सीट पर 8.31 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं, अगर सीट वाइज इस आंकड़े को देखें तो अंबाला लोकसभा सीट पर 6.92 प्रतिशत, भिवानी-महेंद्रगढ़ में 10.26, फरीदाबाद में 5.46, गुरुग्राम 6.20, हिसार 7.44, करनाल 9.29, कुरुक्षेत्र 9.29, रोहतक सीट पर 10.22, सिरसा 9.18, सोनीपत 9.33 प्रतिशत मतदान हुआ है।

सिरसा के चकेरियां में विवाद

सिरसा जिला के गांव चकेरियां में विवाद हो गया है। किसानों ने बीजेपी को वोट न देने के पोस्टर लगाए। इन्हें हटाने के लिए पुलिस पहुंची। यहां दोनों पक्षों में बहसबाजी हुई।

नवीन जिंदल बोले- कुरुक्षेत्र से मेरा 30 साल का रिश्ता

कुरुक्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार नवीन जिंदल और उनकी पत्नी शालू जिंदल अपने निर्वाचन क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि मैं कुरूक्षेत्र और हरियाणा की जनता का आभारी हूं। यहां चुनाव लड़ना कोई चुनाव जैसा नहीं लगता, लेकिन यहां की जनता मेरा परिवार है, मेरा उनसे 30 साल का रिश्ता है और पिछले 10 वर्षों से मैं उनकी सेवा में काम कर रहा हूं। लोग उत्साहित हैं और उन्हें भाजपा पर भरोसा है। 

अजय चौटाला ने किया मतदान

जेपी नेता अजय चौटाला और हिसार लोकसभा सीट से पार्टी की उम्मीदवार नैना सिंह चौटाला ने हरियाणा के सिरसा में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इस दौरान लोगों से अपील करते हुए कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोग लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लें।

अभय सिंह चौटाला BJP और कांग्रेस पर उठाए सवाल 

कुरूक्षेत्र से इंडियन नेशनल लोकदल के उम्मीदवार अभय सिंह चौटाला ने सवाल करते हुए कहा कि कांग्रेस और बीजेपी किन मुद्दों पर चुनाव लड़ रही हैं? राहुल गांधी और पीएम मोदी दोनों के बयान हमेशा एक-दूसरे के खिलाफ होते हैं। क्या कांग्रेस बता रही है कि उन्होंने पिछले 70 सालों में क्या किया है या बीजेपी बता रही है कि उन्होंने 10 साल में क्या किया है? हमारे पास हरियाणा के लोगों को बताने के लिए कई चीजें हैं कि जब हमारी सरकार सत्ता में थी तो हमने क्या सुविधाएं दीं।

अशोक तंवर ने किया मतदान 

सिरसा से भाजपा उम्मीदवार अशोक तंवर ने वोट डालने के बाद कहा यह लोकतंत्र का महा पर्व है। 4 जून को 400 पार होगा और विपक्ष कहेगा कि मशीनें खराब हैं। वो ये नहीं देखेंगे कि उनका संगठन का ढांचा खराब है, उनका नेतृत्व खराब है। बेईमान लोगों को जनता ने नकार दिया है।

दुष्यंत चौटाला ने लोगों से वोट डालने की अपील की

जेजेपी नेता और हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा के सिरसा में एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे बाहर आएं और वोट देने के अपने अधिकार का प्रयोग करें और बदलाव के लिए वोट करें। 

पूर्व सीएम मनोहर लाल ने भी किया मतदान 

हरियाणा के पूर्व सीएम और करनाल लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार मनोहर लाल खट्टर ने वोट डालने के बाद कहा मैंने अपना वोट डाल दिया है। मैं लोगों से लोकतंत्र के इस त्योहार में भाग लेने की अपील करता हूं और साथ ही बीजेपी पार्टी को वोट देने की अपील करता हूं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार मेरे लिए कोई चुनौती नहीं है।

सीएम नायब सैनी ने किया मतदान 

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मतदान करने से पहले अपने पैतृक गांव मिर्ज़ापुर नारायणगढ़ में एक गुरुद्वारे में प्रार्थना की। इसके बाद  वहीं, एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी भी मौजूद रहीं। इस दौरान सीएम ने कहा कि मैं हरियाणा के लोगों से लोकतंत्र को मजबूत करने की अपील करता हूं और उन्हें बड़ी संख्या में बाहर आकर मतदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सभी 10 लोकसभा सीटों पर करनाल की एक विधानसभा सीट पर बीजेपी जीत दर्ज करेगी। सीएम सैनी करनाल विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी के उम्मीदवार हैं। 

किस लोकसभा सीट से कितने उम्मीदवार

इलेक्शन कमिशन के आंकड़ों के मुताबिक, सोनीपत लोकसभा सीट से कुल 22 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, यहां से कोई भी महिला प्रत्याशी नहीं है। हिसार में 28 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, यहां से 3 महिला उम्मीदवार हैं। कुरुक्षेत्र में सबसे अधिक 31 उम्मीदवार हैं, लेकिन यहां से सिर्फ एक महिला उम्मीदवार हैं। अंबाला में दो महिलाओं समेत 14 उम्मीदवार हैं।

सिरसा लोकसभा क्षेत्र में केवल एक महिला समेत 19 लोग चुनावी मैदान में हैं। करनाल में भी 19 उम्मीदवार हैं, जिनमें से दो महिलाएं हैं। वहीं, रोहतक में 26 उम्मीदवारों में दो महिला प्रत्याशी हैं। उधर, भिवानी-महेंद्रगढ़ दो महिला समेत 17 उम्मीदवार, गुड़गांव में कुल 22 उम्मीदवारों में से 1 महिला प्रत्याशी है। अंत में फरीदाबाद की बात करें तो यहां से कुल 24 प्रत्याशी चुनावी रण में हैं। जिसमें 2 महिलाएं शामिल हैं।

बीजेपी को इस बार अपना गढ़ बचाने की चुनौती 

प्रदेश की सभी 10 लोकसभा सीट पर इंडिया गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ रहा है। यहां आम आदमी पार्टी कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से चुनाव मैदान लड़ रही है तो वहीं कांग्रेस 9 लोकसभा सीट पर चुनाव रण में है। इसके अलावा बीजेपी, इनेलो और जेजेपी प्रदेश की सभी सीट पर अकेले मैदान में है। इस बार के चुनाव में बीजेपी को अपने गढ़ को बचाने की चुनौती है। दरअसल, 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज की थी। ऐसे में अब देखना ये होगा कि भाजपा अपने गढ़ बचा पाती है या ढ़ह जाता है। 

किस सीट पर किसके बीच मुकाबला

करनाल लोकसभा सीट: यहां से बीजेपी उम्मीदवार खट्टर का मुकाबला हरियाणा युवा कांग्रेस अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा से है। हरियाणा में ज्यादातर सीटों पर सत्तारूढ़ बीजेपी और विपक्षी कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है।

हिसार लोकसभा सभा सीट: इस सीट से बीजेपी के रणजीत सिंह चौटाला लड़ रहे हैं, इनका मुकाबला चौटाला परिवार के दो सदस्यों- जेजेपी की नैना चौटाला और INLD की सुनैना चौटाला से है। कांग्रेस की तरफ से जयप्रकाश भी मैदान में हैं।

कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट: यहां से बीजेपी ने उद्योगपति और पूर्व कांग्रेस सांसद नवीन जिंदल को कुरुक्षेत्र से मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला AAP की राज्य इकाई के प्रमुख सुशील गुप्ता और INLD के अभय सिंह चौटाला से है।

गुरुग्राम लोकसभा सीट: यहां से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री इंद्रजीत सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। यहां से कांग्रेस के राज बब्बर हैं। वहीं, JJP ने राहुल यादव फाजिलपुरिया को उम्मीदवार बनाया है।

फरीदाबाद लोकसभा सीट: बीजेपी ने इस सीट से पिछले 10 साल से सांसद कृष्ण पाल गुर्जर को तीसरी बार उम्मीदवार बनाया है। तो वहीं जबकि कांग्रेस ने चौधरी महेंद्र प्रताप सिंह को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर जेजेपी ने जाट समुदाय से आने वाले नलिन हुड्डा और आईएनएलडी ने सुनील तेवतिया को मैदान में उतारा है।

सिरसा लोकसभा सीट: सिरसा से कांग्रेस की कुमारी शैलजा और बीजेपी के अशोक तंवर चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि जननायक जनता पार्टी ने रमेश खटक पर भरोसा जताया है।

रोहतक लोकसभा सीट: रोहतक लोकसभा सीट पर बीजेपी के मौजूदा सांसद अरविंद शर्मा और कांग्रेस उम्मीदवार दीपेंद्र सिंह हुड्डा के बीच मुकाबला है। इस सीट पर जननायक जनता दल ने रविंद्र सांगवान पर दांव खेला है।

अंबाला लोकसभा सीट: इस सीट से बीजेपी की बंतो कटारिया उम्मीदवार हैं, जबकि कांग्रेस ने इस सीट से विधायक वरुण मुलाना को मैदान में उतारा है। वहीं जननायक जनता पार्टी (JJP) ने इस सीट स डॉ. किरण पूनिया पर भरोसा जताया है।

सोनीपत लोकसभा सीट: बीजेपी ने मोहन लाल बड़ौली पर भरोसा जताया है। जबकि कांग्रेस ने इस सीट से सतपाल ब्रह्मचारी को उम्मीदवार बनाया है। जेजेपी ने भूपेंद्र मलिक को मैदान में उतारा है।

भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट: इस सीट से बीजेपी ने एक बार फिर धर्मबीर सिंह चौधरी पर दांव लगाया है। धर्मवीर का मुकाबला कांग्रेस के राव दान सिंह के बीच होगा। उधर, जेजेपी ने राव बहादुर सिंह को उम्मीदवार बनाया है।

467 ट्रांसजेंडर भी डालेंगे वोट

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक राज्य में 2,00,76,768 रजिस्टर्ड वोटर्स हैं, जिनमें 94,23,956 महिलाएं और 467 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के लिए राज्य में कुल 45,576 EVM का इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही 24,039 नियंत्रण इकाइयों और 26,040 वीवीपैट मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा।

5379487