Logo
प्रदेश में बीजेपी प्रत्याशियों को भी लगातार लोगों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। इस पर पूर्व सीएम मनोहर लाल ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सिरफिरे होते हैं।

Haryana Lok Sabha Election 2024: हरियाणा में बीजेपी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने सभी प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। बीजेपी नेताओं द्वारा भी लगातार प्रदेश में सभी 10 लोकसभा सीटों पर जीत का दावा किया जा रहा है। हालांकि, प्रदेश में बीजेपी प्रत्याशियों को भी लगातार लोगों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। बीजेपी प्रत्याशियों को काले झंडे दिखाए जा रहे हैं। जगह-जगह उनके खिलाफ नारेबाजी हो रही है। इस पर अब पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रतिक्रिया दी है।

कुछ लोग सिरफिरे होते हैं- मनोहर लाल

पूर्व CM मनोहर लाल ने विरोध करने वालों को सिरफिरे बताते हुए कहा कि कुछ लोग सिरफिरे होते हैं, जो अपनी दबंगई दिखाते हैं। पहले उनकी चलती थी, लेकिन अब उनकी नहीं चल पा रही। इसलिए वह परेशान हो रहे हैं। उन्हें यह भी पता है कि विरोध करने वाले 10 लोग होते हैं, लेकिन इस विरोध के परिणामस्वरूप सैकड़ों लोग जुड़ रहे हैं।

विरोध करने से होगा फायदा

उन्होंने कहा कि जितना किसी का विरोध किया जाता है, उससे कहीं ज्यादा जुड़ते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जहां-जहां भी जिस नेता का विरोध किया जा रहा है। इससे उस नेता को अधिक फायदा ही होगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सरकार ने ठोस कार्रवाई की है। उनकी हर तकनीक को फेल करने का काम हमारी सरकार ने किया।

हरियाणा में कब होगा चुनाव ?

हरियाणा में कुल 10 लोकसभा सीटें हैं। इन सभी 10 सीटों पर एक ही चरण में वोटिंग होनी है। हरियाणा में छठे चरण यानी 25 मई को वोटिंग होगी। हरियाणा में अंबाला, कुरुक्षेत्र, सिरसा, हिसार, करनाल, सोनीपत, रोहतक, भिवानी-महेंद्रगढ़, गुरुग्राम और फरीदाबाद की सीटें शामिल हैं।

5379487