Logo
election banner
अयोध्या में भगवान राम के मंदिर के दर्शन करने के लिए हरियाणा के फरीदाबाद, गुरुग्राम व सोनीपत से अयोध्या के लिए सीधी बस सेवा शुरू की जाएगी। साथ ही अन्य जिलों से मांग के अनुसार बस सेवा शुरू की जाएगी। परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने इसकी घोषणा की।

Haryana: 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान राम के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके बाद हरियाणा के फरीदाबाद, गुरुग्राम व सोनीपत से अयोध्या के लिए सीधी बस सेवा शुरू की जाएगी। यही नहीं, अन्य जिलों से मांग आने पर वहां से भी भविष्य में अयोध्या के लिए सीधी बस सेवा शुरू होगी, ताकि श्रद्धालुओं को आने जाने में कोई परेशानी ना हो।

अयोध्या दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में जाएंगे श्रद्धालु

हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने फरीदाबाद बल्लभगढ़ में एक करोड़ की लागत से बनने वाली 32 गलियों का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अयोध्या दर्शन के लिए जाएंगे। लोगों की आस्था को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। सरकार श्रद्धालुओं को  समय-समय पर धार्मिक स्थानों के दर्शन करवाने के लिए बसों की सुविधा मुहैया करवाती रही है। 

बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को मिलेगा सुगम परिवहन

अयोध्या में भगवान राम के दर्शन करने के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बस सेवा शुरू कर एक सुगम सुविधा देने का प्रयास किया गया है। बस के साथ सीधी कनेक्टिविटी होने से श्रद्धालु बड़ी संख्या में भव्य राम मंदिर के दर्शन करने जाएंगे। अयोध्या के मंदिर को बस, रेल व हवाई मार्ग से जोड़ा गया है। इसी कड़ी में हरियाणा से बस सेवा शुरू की है और जरूरत के हिसाब से अन्य जिलों से भी बसों की सुविधा श्रद्धालुओं को दी जाएगी। 

युद्ध स्तर पर करवाया जा रहा गलियों का निर्माण 

मूल चंद शर्मा ने कहा कि लोगों की मांग को देखते हुए बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र की गलियों व सड़कों का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर करवाया जा रहा है। इसके साथ ही बल्लभगढ़ के सिटी पार्क व राजा नाहर सिंह पार्क को स्ट्रीट लाइटों की सौगात भी दी। उन्होंने कहा कि 15 लाख रुपए की लागत से सिटी पार्क में 50 व राजा नाहर सिंह पार्क में 15 स्ट्रीट लाईटें लगाई जाएंगी।

5379487