Logo
election banner
हरियाणा के रेवाड़ी में एक व्यक्ति को साइबर ठगों ने 13.35 लाख रुपए का चूना लगा दिया। पीड़ित मनोज शर्मा ने ठगी की शिकायत साइबर थाने में दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। साथ ही उन खातों का पता लगाया जा रहा है, जिनमें रकम जमा करवाई गई।

Rewari: सेक्टर-4 निवासी एक व्यक्ति को एप डाउनलोड करने के बाद ऑनलाइन ट्रेनिंग में पैसे इन्वेस्ट करना उस समय महंगा पड़ गया, जब उसने अपने बैंक खातों से लगभग 13.35 लाख रुपए जमा करा दिए। पैसे निकालने की बारी आई तो साइबर ठगों ने और पैसा इन्वेस्ट करने को कहा। उसे साइबर ठगों की नियत पर शक हुआ तो जांच की और उसे साइबर ठगी का पता चला। पीड़ित ने साइबर थाना पुलिस में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

फोन पर सोशल मीडिया से आया नोटिफिकेशन

पीड़ित मनोज शर्मा ने बताया कि कुछ समय पहले उसके मोबाइल फोन पर सोशल मीडिया से नोटिफिकेशन आया था। जब उसने लिंक पर क्लिक किया तो वह अपने आप एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गया। ग्रुप में पहले ही 133 लोग जुड़े हुए थे। उसे ऑनलाइन ट्रेडिंग से मोटे मुनाफे का लालच दिया गया। इसके बाद उसे एक लिंक भेजा गया, जिससे एप डाउनलोड हो गई। पहली बार उसने ऑनलाइन ट्रेडिंग के लिए 47 हजार रुपए ट्रांसफर किए थे। इसके बाद उसे मोटे मुनाफे के जाल में फंसाया तो उसने अपने बैंक खातों से दर्जनों बार में 1334500 रुपए जमा करा दिए। दो बार में वह 24 हजार रुपए निकालने में भी कामयाब रहा था।

जमा की गई रकम नहीं निकली तो साइबर ठगी का चला पता

पीड़ित मनोज शर्मा ने बताया कि एक बार तो कुछ पैसे निकल आए, लेकिन बाद में जब उसने पूरी रकम निकालने का प्रयास किया, तो उसे बताया गया कि इसके लिए उसे और रकम जमा करानी होगी। इसके बाद उसे अपने साथ हो रही ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित मनोज शर्मा ने साइबर थाना पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने आारोपियों के खिलाफ ठगी का केस दर्ज करने के बाद उन खातों का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए, जिनमें उसकी राशि ट्रांसफर की गई है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

5379487