मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक बार फिर बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। जवा थाना क्षेत्र के बरौली ठाकुरान गांव में बीती देर रात बदमाशों ने सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मकान मालिक किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान बाइक से पहुंचे करीब पांच बदमाशों ने घर के शटर और गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे कीमती जेवरात समेट लिए।
पीछा करने पर बदमाशों ने की फायरिंग
देर रात जब मकान मालिक वापस लौटे, तो बदमाश घर के अंदर ही चोरी कर रहे थे। आहट मिलते ही आरोपी घबरा गए और मौके से भागने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और बदमाशों का पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए दो राउंड फायरिंग की और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। हड़बड़ी में बदमाश अपनी बाइक और एक जोड़ी जूते घटनास्थल पर ही छोड़ गए, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही जवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
इस मामले में एडिशनल एसपी रीवा सतीश मिश्रा ने बताया कि, “घटना गंभीर है। बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” फिलहाल पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है।











