Chhindwara Accident: मध्यप्रदेश। करेर गांव में शुक्रवार सुबह एकसाथ पांच अर्थियां उठीं। ये उन दस मृतकों में से हैं जिनकी गुरुवार शाम हुए हादसे में मौत हुई थी। छिंदवाड़ा में गुरुवार शाम मुख्यमंत्री मोहन यादव के कार्यक्रम से वापस लौट रही बस की पिकअप वाहन से टक्कर हो गई थी। इसके बाद बस पलट गई जिसमें ड्राइवर समेत 10 लोगों की मौत हो गई। हादसे के चलते 30 से ज्यादा लोग घायल हैं। एक व्यक्ति जिसकी हालत गंभीर है उसका नागपुर एम्स में इलाज हो रहा है। जानकारी सामने आई है कि, शुक्रवार को सीएम मोहन यादव छिंदवाड़ा का दौरा कर सकते हैं।
सुबह पांच शव करेर गांव पहुंचे
सीएम के कार्यक्रम से लौट रही बस में मोहखेड़ा ब्लॉक की ग्वारा पंचायत के कोसमढाना, करेर और भंडारकुंड गांव के 51 लोग सवार थे। छिंदवाड़ा पुलिस लाइन में आयोजित हितग्राही सम्मलेन में शामिल होकर सभी लौट रहे थे तभी बड़ा हादसा हो गया। शुक्रवार सुबह पांच शव जब करेर गांव पहुंचे तो पूरे गांव में भीड़ इकठ्ठा हो गई। मृतकों के परिजन उनके शव से लिपट कर रोने लगे तो लोगों ने उन्हें संभाला। मृतकों के परिजन बार-बार यह कहते रहे कि, उनके अपनों को जबरदस्ती कार्यक्रम में लेकर गए थे।
सीएम करेंगे छिंदवाड़ा का दौरा
इधर छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने अस्पताल में घायलों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि, घायलों की हालत अब पहले से बेहतर है। सीएम मोहन यादव भी छिंदवाड़ा आएंगे। पहले सीएम मोहन यादव दिल्ली से चित्रकूट जाने वाले थे लेकिन अब वे भोपाल आएंगे और यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए वे छिंदवाड़ा के लिए रवाना होंगे। सीएम मृतकों के परिजनों से भी मुलाकात कर सकते हैं।
2-2 करोड़ रुपये दिए जाने की मांग
छिंदवाड़ा में कल रात एक बस और पिकअप वाहन की टक्कर में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 31 अन्य घायल हो गए। कांग्रेस विधायक विजय रेवनाथ चौरे ने कहा, "हमने दुर्घटना स्थल का दौरा किया और व्यक्तिगत रूप से उन लोगों को देखा, जिन्होंने अपनी जान गंवाई है। हम उन लोगों से भी मिले जो गंभीर रूप से घायल हैं। कई लोगों को इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है। हमारी सरकार से मांग है कि मृतकों के परिवारों को 2-2 करोड़ रुपये दिए जाएं, और जो घायल हैं और जिनका नागपुर में इलाज चल रहा है, उन्हें 50 लाख रुपये दिए जाएं। इसके अलावा, प्रत्येक प्रभावित परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए।"
VIDEO | Madhya Pradesh: At least 10 people were killed and 31 others injured after a bus and pick-up vehicle collided in Chhindwara last night. Congress MLA Vijay Revnath Choure, says, "We visited the accident site and personally saw those who have lost their lives. We also met… pic.twitter.com/MsbLaeAldK
— Press Trust of India (@PTI_News) March 27, 2026










