देश की राजधानी दिल्ली में एक के बाद एक आग की बड़ी घटनाएं सामने आ रही हैं। पालम अग्निकांड की धधक अभी तक सियासी रूप से शांत नहीं हो पाई है, वहीं उत्तर पश्चिम दिल्ली के केशव पुरम थना के अंतर्गत आने वाले त्रिनगर से बड़ी खबर सामने आई है। यहां की अनाज मंडी इलाके के एक घर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से 5 लोगों के झुलस जाने की सूचना है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, अनाज मंडी इलाके से आज सुबह करीब 7 बजे एक कॉल दमकल विभाग को मिली। सूचना दी गई कि यहां के एक रिहायशी मकान में आग लगी है। आग इतनी तेजी से फैली कि उस पर नियंत्रण पाना आसान नहीं है। सूचना पाते ही दमकल विभाग मौके के लिए रवाना हो गई। वहीं, सूचना पाते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
दमकल की टीमें जब मौके पर पहुंची तो पूरा घर आग की लपटों में घिरा दिखा। दमकल की तीन गाड़ियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद इस आग पर काबू पाया गया। एक अधिकारी ने बताया कि अगर थोड़ी देरी होती तो यह आग आसपास के इमारतों में भी फैल जाती। पांच लोग झुलसे हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नजदीकी दीपचंद बंधु हॉस्पिटल रेफर किया गया है। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Delhi: Family member Preetan says, "The fire started from the motor. Some items were kept nearby, and they caught fire. Six people live in our house..." pic.twitter.com/8mtBYMfxLo
— IANS (@ians_india) March 27, 2026
पालम अग्निकांड पर अभी तक सियासत
बता दें कि पालम मेट्रो स्टेशन के पास कुछ दिन पहले एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई थी, जिसमें तीन बच्चों समेत एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद विपक्ष ने प्रत्यक्षदर्शियों का वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया था कि दमकल गाड़ी की सीढ़ी तक नहीं खुली, जिस कारण लोगों की जान चली गई। आम आदमी पार्टी दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत तमाम नेताओं ने इस घटना के विरोध में सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया, वहीं आम आदमी पार्टी ने तो दिल्ली विधानसभा बजट सत्र का ही बहिष्कार कर दिया था।










