अजय सूर्यवंशी- जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कांसाबेल में PDS बारदानों में लाखों रुपये के गबन का मामला उजागर हुआ है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला कांसाबेल थाना क्षेत्र का है। जहां 33 हजार 850 नग PDS बारदानों का गबन किया गया। इन बारदानों की कुल कीमत करीब 8 लाख 39 हजार 500 रुपये का है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी रिजवान अली और बारदानों के खरीददार सुधीर साहू को गिरफ्तार कर लिया है।
जशपुर जिले के कांसाबेल में PDS बारदानों के 8.39 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी और खरीदार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। @JashpurDist #Chhattisgarh pic.twitter.com/pykgzojysP
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 27, 2026
जिला विपणन अधिकारी ने की थी शिकायत
वहीं आरोपी रिजवान अली सूरजपुर का रहने वाला है और सुधीर साहू अंबिकापुर का रहने वाला है। आरोपी रिजवान अली को PDS बारदानों के संकलन और परिवहन का जिम्मा दिया गया था। लेकिन उसने बारदानों को गोदाम में जमा करने के बजाय गबन कर दिया। इस मामले की शिकायत जिला विपणन अधिकारी द्वारा की गई थी। जिसके बाद कलेक्टर जशपुर ने जांच टीम गठित कर जांच कराई।
सूरजपुर और अंबिकापुर से गिरफ्तार हुए आरोपी
जांच में गबन की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 408, 420 और 411 IPC के तहत मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को सूरजपुर और अंबिकापुर से गिरफ्तार किया गया है।
मामले की जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन MP 65 GA 0244 और 4000 नग बारदाने जब्त किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। फिलहाल, दोनों आरोपियों को इस मामले में न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब शेष बारदानों की बरामदगी में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।










