भाजपा के समारोह में गरजते हुए बोले धर्मेंद्र प्रधान: सत्ता में आकर हरियाणा को लूटने का सपना देखना छोड़ दे कांग्रेस, अब ऐसा नहीं होगा

Union Minister and Haryana Assembly Election in-charge Dharmendra Pradhan and others accepting greet
X
मंच पर लोगों का अभिवादन स्वीकर करते केंद्रीय मंत्री व हरियाणा विस चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान व अन्य। 
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सत्ता में आकर हरियाणा को लूटने का सपना देखना कांग्रेस छोड़ दे, अब कांग्रेस सत्ता में नहीं आएगी। तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। 

Rohtak: हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनाव प्रभारियों एवं विजेता नेताओं के नागरिक अभिनंदन समारोह से विधानसभा चुनाव में विजय के लिए आगाज कर दिया। कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री और हरियाणा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, चुनाव सह प्रभारी एवं त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिपल्ब कुमार देब और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सत्ता में आकर हरियाणा को लूटने का सपना देखना कांग्रेस छोड़ दे, अब कांग्रेस सत्ता में नहीं आएगी। हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।

कांग्रेस के षड़यंत्र को जनता समझ चुकी

नागरिक अभिनंदन समारोह में चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हरियाणा में 19 हजार 812 बूथ हैं, 7212 गांव और 22 जिले हैं, लेकिन विधानसभ चुनाव के लिए हमारे पास सिर्फ 100 दिन हैं। कांग्रेस ध्यान रखे कि अब तो 20-20 का जमाना है। जनता कांग्रेस के षडयंत्र को समझे, कांग्रेस बहरूपिया है। कांग्रेस के शासनकाल के दौरान हरियाणा में दलित परिवारों, किसानों, वंचितों और अंबेडकर के संविधान के साथ हुए अत्याचारों को प्रदेश की जनता भूली नहीं हैं। कार्यकर्ताओं को यहां से संकल्प लेकर जाना है कि जब तक हरियाणा में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार नहीं बनेगी, तब तक रुकेंगे नहीं। कोई भी कठिन काम तभी पूरा कर पाते हैं, जब सैनिक का मन खुश होता है, सैनिक अपने सेनापति पर भरोसा करता हो और आपके सेनापति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं।

2027 तक भारत दुनिया की तीसरे सबसे बड़ी बनेगी अर्थव्यवस्था

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि देश में कठिन से कठिन काम को हमने जीता है, देश की जनता ने आज भी हम पर भरोसा जताया है। हरियाणा की प्रगति के बिना देश की प्रगति संभव नहीं। तीन साल के अंदर 2027 तक भारत दुनिया की तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनेगा और इस अर्थव्यवस्था में हरियाणा के छोरों और छोरियों को बड़ा हिस्सा मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की लूट खसोट, दलित विरोधी और परिवारवाद का शासन नहीं आने देंगे। इसलिए सभी भाजपा के कार्यकर्ता आज से ही जुट जाएं और हरियाणा में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएं।

केंद्र में हरियाणा को बड़ी जिम्मेदारी

केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि महाभारत की इस इतिहास रचने वाली भूमि ने हमें जो स्नेह दिया, उसके हम सदा आभारी रहेंगे। आप ही के समर्थन से पिछले 10 साल से गरीबों, किसानों की सरकार बनी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी हरियाणा का मान ऊपर रखा और अब हरियाणा के सपूतों को बड़ी जिम्मेदारी दी है। विधानसभा चुनाव के लिए हम सभी को कमर कसनी पड़ेगी, क्योंकि भाजपा की सरकार हरियाणा में तीसरी बार बनानी है। यह कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से ही संभव होगा। हम लूट खसोट की राजनीति नहीं करते। हम सर्व समाज और सर्व समावेशी सरकार चलाने के मंत्र से चलते हैं।

हरियाणा में बाप-बेटे की सरकार नहीं बनेगी, सरकार गरीब-किसान की बनेगी

हरियाणा भाजपा चुनाव सह प्रभारी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिपल्ब कुमार देब ने जय जगन्नाथ से भाषण शुरू करते हुए कहा कि चार माह से कांग्रेस यह बात फैला रही है कि हरियाणा में सरकार बदलेगी, लेकिन भाजपा और प्रदेश की जनता ने तय कर लिया कि हरियाणा में कोई बाप-बेटे की सरकार नहीं बनेगी। सरकार बनेगी तो गरीब-किसान की सरकार बनेगी। बाप-बेटा सत्ता में आने की जो आस लगाए बैठे हैं, उन्हें कह देना चाहते हैं कि हम मनोहर लाल के रूप में करंट मंत्री अपने साथ लेकर आए हैं। मनोहर लाल के पास बिजली के अलावा शहरी विकास मंत्रालय भी है और वे हरियाणा को सजाने में कोई कसर नहीं छोडे़ंगे। चार महीने में हरियाणा में नहीं आया तो बाप बेटे को लगा कि हम चले गए हैं, लेकिन हम फिर आ गए नए जोश के साथ।

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने हथकंडे फैलाए, इस चुनाव में सावधान रहें

केंद्रीय बिजली एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने हथकंडे फैलाए, कुछ लोग उनकी बातों में फंस गए। अब विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ऐसे हथकंडे अपनाएगी। कुछ नई झूठी बातें भी लेकर वे आ सकते हैं, लेकिन आपको उनकी बातों से सावधान रहना है। कांग्रेस शासनकाल में जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं लेने दिया गया, कांग्रेस में भ्रष्टाचार था, धींगा मस्ती चलती थी। हर कार्यकर्ता का काम आज नहीं तो कल हो ही जाएगा, लेकिन अगर कांग्रेस आती है तो वही धींगा मस्ती, भाई भतीजाववाद, भ्रष्टाचार और अपनों को रेवड़ी बांटने वाली सरकार बनाएगी।

तीन महीने बाद कांग्रेस के झूठ की नींव ढह जाएगी

नागरिक अभिनंदन समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान भगवान जगन्नाथ की विजय का रथ हरियाणा लेकर आए हैं। देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। हरियाणा भी उनके साथ मजबूती से चलेगा। हरियाणा में भी तीसरी बार भाजपा की सरकारा बनेगी, उसका आगाज रोहतक से हो गया है। नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने जिस तरह झूठ का सहारा लेकर अपनी नींव खड़ी की है, आने वाले तीन महीने के बाद वो नींव हरियाणा में ढह जाएगी और भाजपा तीसरी बार हरियाणा में आएगी। हरियाणा की जनता ने संकेत दिया है कि इस बार फिर भाजपा को जिताएंगे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story