मिडिल ईस्ट में युद्ध के हालातों के बीच हरियाणा में गैस की किल्लत की अफवाह फैलाकर कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सरकार ने मोर्चा खोल दिया है।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने राज्य भर में छापेमारी कर अब तक 8 FIR दर्ज की हैं और 825 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए हैं। इस अवैध धंधे में 52 लोगों की संलिप्तता पाई गई है।

मंत्री राजेश नागर की सख्त चेतावनी: "अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा"
हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने कहा कि कुछ शरारती तत्व युद्ध जैसी परिस्थितियों का फायदा उठाकर पैनिक क्रिएट कर रहे हैं। सरकार ऐसे षड्यंत्रकारियों और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ केंद्रीय गाइडलाइन के अनुसार सख्त कार्रवाई कर रही है।

झज्जर और महेंद्रगढ़ में सबसे बड़ी रिकवरी
विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के लगभग हर जिले में छापेमारी की गई है। सबसे ज्यादा सिलेंडर झज्जर और महेंद्रगढ़ से बरामद हुए हैं-झज्जर: 131 सिलेंडर जब्त,महेंद्रगढ़: 109 सिलेंडर जब्त,रोहतक: 98 सिलेंडर जब्त,अंबाला: 86 सिलेंडर जब्त,गुरुग्राम: 75 सिलेंडर जब्त,फरीदाबाद (7 FIR), सोनीपत (1 FIR), हिसार, फतेहाबाद और करनाल सहित अन्य जिलों में भी भारी मात्रा में सिलेंडर पकड़े गए हैं। कार्रवाई के दौरान 3 वाहन भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।

प्रदेश में गैस का पर्याप्त स्टॉक
सरकार ने पैनिक दूर करने के लिए स्टॉक के आंकड़े भी साझा किए हैं:

  • घरेलू सिलेंडर (14.2 kg): बॉटलिंग प्लांट्स पर वर्तमान में 9,82,212 सिलेंडरों का भंडार है।
  • कमर्शियल सिलेंडर (19 kg): वर्तमान में 1,79,566 सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है।
  • सप्लाई: पिछले 6 दिनों में ही 61,034 घरेलू सिलेंडरों की सुचारू सप्लाई की गई है।

तेल कंपनियों के पास नहीं है कोई कमी
प्रवक्ता ने बताया कि IOCL, BPCL और HPCL जैसी प्रमुख तेल कंपनियों के पास तेल और गैस का पर्याप्त कोटा है। आम जनता को किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान देने या पैनिक में आकर एक्स्ट्रा बुकिंग करने की आवश्यकता नहीं है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।