CM Manohar Lal बोले: खरीफ सीजन 2023 में खराब फसलों के अतिरिक्त मुआवजे का किया गया वितरण

CM Manohar Lal talking to journalists
X
पत्रकारों से बातचीत करते सीएम मनोहर लाल। 
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि खरीफ सीजन-2023 में खराब फसलों के लिए किसानों को 18 करोड़ 67 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि सीधे किसानों के खातों में भेजी गई।

Haryana: मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में राज्य सरकार ने खरीफ सीजन-2023 में खराब फसलों के अतिरिक्त मुआवजे का वितरण कर किसानों को बड़ी राहत दी। खरीफ सीजन-2023 में खराब फसलों और पुनः बोए गए रकबे के लिए दिए गए मुआवजे पर पुनर्विचार करके सरकार ने 1692.3 एकड़ में फसल खराबे के लिए किसानों को 18 करोड़ 67 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि सीधे किसानों के खातों में भेजी गई। मुख्यमंत्री मनोहर लाल वीरवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

130 करोड़ 88 लाख की मुआवजा राशि की जा चुकी वितरित

सीएम मनोहर लाल ने कहा कि आज जारी की गई राशि को मिलाकर कुल 130 करोड़ 88 लाख रुपए की मुआवजा राशि जारी की जा चुकी है। इसमें 14 दिसंबर, 2023 को दी गई मुआवजा राशि 97 करोड़ 93 लाख 26 हजार रुपए, 11 अक्टूबर 2023 को दी गई मुआवजा राशि 5 करोड़ 96 लाख 83 हजार 500 रुपए, शहरी क्षेत्र में वाणिज्यिक संपत्तियों के नुकसान के लिए अनुमोदित 6 करोड़ 70 लाख 97 हजार 277 रुपए तथा जनहानि की मुआवजा राशि 1 करोड़ 60 लाख शामिल है। अंबाला जिले में सर्वाधिक मुआवजे की राशि 5 करोड़ 85 लाख 38 हजार 732 रुपए दी गई है।

बुजुर्गों की हिफाजत व खुशहाली के लिए शुरू की समर्थ वृद्धावस्था सेवा आश्रम योजना

सीएम मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में अब वरिष्ठ नागरिकों को एक ही छत के नीचे स्वास्थ्य सेवा सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इसके लिए समर्थ वृद्धावस्था सेवा आश्रम योजना का शुभारंभ किया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उचित सुविधाएं प्रदान करके उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार करना है। प्रथम चरण में 6 स्थानों जगाधरी (यमुनानगर), सोनीपत, हिसार, बहादुरगढ़ (झज्जर), सिरसा तथा गुरुग्राम में समर्थ वृद्धावस्था सेवा आश्रम खोले गए हैं। प्रदेश के बुजुर्गों को इस योजना से बहुत बड़ा सहारा मिलेगा।

मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना पोर्टल का किया शुभारंभ

सीएम मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश की गर्भवती और स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना पोर्टल के माध्यम से पांच हजार रुपए की मातृत्व लाभ राशि प्राप्त कर पाएंगी। उन्होंने इस योजना के पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के जरिए 8 मार्च 2022 या उसके बाद जन्म लेने वाले बच्चों की माताएं आवेदन कर सकेंगी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story