हरियाणा सरकार ने राज्य के लाखों कर्मचारियों, पेंशनरों और उनके परिवारजनों को बड़ी राहत देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के दायरे को और अधिक विस्तारित कर दिया है। अब सरकारी कर्मचारी और पेंशनभोगी पंजाब के चार अत्याधुनिक और प्रतिष्ठित अस्पतालों में अपना इलाज करवा सकेंगे।
इन अस्पतालों को मिली मंजूरी
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने जानकारी दी कि सरकार ने विशेष चिकित्सा आवश्यकताओं को देखते हुए पंजाब के चार संस्थानों को सूचीबद्ध (एम्पैनल) किया है। होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, मुल्लांपुर: (टाटा मेमोरियल सेंटर, मुंबई की यूनिट)।होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल, संगरूर-टाटा मेमोरियल सेंटर, मुंबई की यूनिट,रीजनल स्पाइनल इंजरीज सेंटर, सेक्टर 70, मोहाली,पंजाब इंस्टिट्यूट ऑफ़ लिवर एंड बिलियरी साइंस, फेज 3 बी 1, सेक्टर 60, मोहाली।
विशेषज्ञ इलाज की सुविधा
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि इन अस्पतालों को चुनने का मुख्य उद्देश्य कैंसर, रीढ़ की चोट और लिवर से संबंधित गंभीर बीमारियों का उन्नत और समय पर इलाज सुनिश्चित करना है। यह कदम तब उठाया गया है जब हाल ही में विधानसभा के बजट सत्र के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई थी।
आपातकालीन स्थिति में भी मदद
सरकार द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, ये अस्पताल केवल विशेष उपचार तक ही सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि जरूरत पड़ने पर निम्नलिखित सुविधाएं भी उपलब्ध कराएंगे:
- आपातकालीन चिकित्सा सहायता और एंबुलेंस।
- आईसीयू और सीसीयू बेड की सुविधा।
- बर्न यूनिट और मोर्चरी सेवाएं।
- महामारी या सरकारी अस्पतालों में मरीजों की अधिक भीड़ होने की स्थिति में प्राथमिकता।
कैसे लें जानकारी?
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। कर्मचारी और पेंशनर विस्तृत जानकारी हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।