दहेज के लोभियों ने एक बार फिर एक विवाहिता का जीवन नर्क बना दिया। जिले में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पति सहित ससुराल के पांच लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए महिला थाना में मुकदमा दर्ज कराया है।
शादी में दिया था पूरा दहेज
पीड़िता मिथलेश, जो न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी की रहने वाली है, ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2013 में खैलकलां मोहल्ला निवासी विपिन के साथ हुई थी। मायके वालों ने अपनी हैसियत के अनुसार शादी में कार, डेढ़ लाख रुपये नकद और घरेलू सामान दहेज में दिया था। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों की भूख और बढ़ गई।पीड़िता का आरोप है कि पति विपिन, ससुर रतन सिंह, सास सीमा, बुआ अल्का और ददिया सास सौमोता शादी के बाद से ही उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। पति अक्सर मायके से और नकदी लाने का दबाव बनाता था।
बर्बरता की सारी हदें पार
करीब तीन महीने पहले पैसों की मांग को लेकर पति ने उसके साथ मारपीट की। शोर सुनकर आए सास-ससुर ने भी उसे पीटा और सास ने उसके बाल पकड़कर जबरन मुंह बंद कर दिया।प्रताड़ना की इंतहा तब हो गई, जब रात के करीब 11 बजे उसे सिर्फ पहने हुए कपड़ों में घर से बाहर निकाल दिया गया। इतना ही नहीं, ससुराल वालों ने उसके तीनों बच्चों को अपने पास बंधक बनाकर रख लिया और दोबारा घर आने या पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
महिला थाना प्रभारी ने की कार्रवाई
महिला थाना प्रभारी सीमा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति विपिन, ससुर रतन सिंह, सास सीमा, बुआ अल्का और ददिया सास सौमोता के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।भारत में दहेज उत्पीड़न IPC धारा 498A/BNS के संबंधित प्रावधान एक गंभीर अपराध है। यदि आपके आसपास या आपके साथ ऐसी कोई घटना हो रही है, तो तुरंत 1091 (महिला हेल्पलाइन) या स्थानीय पुलिस को सूचना दें।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।









