टोहाना से जयपुर जा रही बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर सड़क किनारे खड़ी गाड़ी में जा घुसी। बस काफी तेज रफ्तार में थी।

हरियाणा के जींद जिले में शनिवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा पेश आया, जहां चालक की लापरवाही 50 जिंदगियों पर भारी पड़ गई। उचाना के नजदीक किलोमीटर स्कीम के तहत चलने वाली रोडवेज बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघ गई और सड़क किनारे खड़ी लोडिंग गाड़ी से टकराकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों और घायल यात्रियों के अनुसार जिस समय यह भयावह दुर्घटना हुई, बस चालक वीडियो कॉल पर बात करने में मशरूफ था। 

तेज रफ्तार और मोबाइल का जानलेवा कॉम्बिनेशन 
टोहाना डिपो से राजस्थान की राजधानी जयपुर के लिए रवाना हुई बस (नंबर HR-56GV-6198) शनिवार सुबह जब जींद-नरवाना नेशनल हाईवे पर बड़ौदा गांव के पास पहुंची तो उसकी रफ्तार काफी तेज थी। बस में सवार यात्री प्रवीण डूमरखां ने बताया कि ड्राइवर संदीप थुआ लगातार अपने मोबाइल पर किसी के साथ वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। 
ड्राइवर का पूरा ध्यान सड़क के बजाय मोबाइल स्क्रीन पर था। इसी बीच चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया। बस पहले तेज धमाके के साथ डिवाइडर से टकराई और फिर विपरीत दिशा में जाकर सड़क किनारे खड़ी एक लोडिंग टैंपू को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस सड़क से करीब 20 मीटर दूर कच्चे रास्ते में जाकर पलट गई। 

लोडिंग गाड़ी के पास खड़ी थी मौत ....  
हादसे का शिकार हुई लोडिंग गाड़ी के चालक पंकज ने बताया कि वह उचाना का ही निवासी है और अपनी गाड़ी का काम करवाने के लिए जींद जा रहा था। रास्ते में वह शौच के लिए गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर नीचे उतरा था। पंकज ने कहा कि मैं गाड़ी से नीचे था, इसलिए मेरी जान बच गई। अचानक एक तेज रफ्तार बस आई और मेरी खड़ी गाड़ी को चीरते हुए आगे जाकर पलट गई। दुर्घटना के तुरंत बाद पंकज और स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचित किया।  

मदद के लिए दौड़े ग्रामीण 
बस पलटते ही हाईवे पर यात्रियों की चीख-पुकार मच गई। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बस की खिड़कियां व शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकालना शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से सभी 50 घायलों को उचाना और जींद के अस्पतालों में भर्ती कराया। 

13 यात्री गंभीर रूप से घायल, ड्राइवर रोहतक पीजीआई रेफर 
उचाना के चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील गर्ग ने बताया कि अस्पताल में सुबह करीब 10 बजे से घायलों का पहुंचना शुरू हुआ। कुल 24 मरीज उचाना लाए गए, जिनमें से 18 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि 5 मरीजों को गंभीर फ्रैक्चर होने के कारण जींद रेफर किया गया है। बस चालक संदीप थुआ की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई (PGI) भेज दिया गया है।
हादसे में प्रमुख रूप से घायल हुए लोगों में संदीप (ड्राइवर), सुरेंद्र (कंडक्टर), मानसी, अंकित, कमल, अंग्रेजो, विजय (प्रयागराज, यूपी), नीलम, नवीन, प्रवीन, राजपति, पाली और अनिल आदि के नाम शामिल हैं। 

ओवरस्पीड और लाइन चेंज बनी वजह 
ट्रैफिक एसएचओ (SHO) शमशेर सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में बस की रफ्तार बहुत अधिक पाई गई है। डिवाइडर से टकराने के बाद बस ने अपनी लेन बदल दी थी, जिस वजह से वह साइड में खड़ी लोडिंग गाड़ी से जा टकराई। सड़क पर टायरों के घिसने के निशान बस की बेकाबू रफ्तार की तस्दीक कर रहे हैं। पुलिस अब इस मामले में ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मोबाइल के इस्तेमाल को लेकर कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। 

किलोमीटर स्कीम के तहत संचालित हो रही थी बस 
यह बस किलोमीटर स्कीम के तहत संचालित हो रही थी। इसमें चालक संदीप थुआ निजी तौर पर काम कर रहा था, जबकि परिचालक (कंडक्टर) सुरेंद्र की नियुक्ति हरियाणा कौशल रोजगार निगम के जरिए हुई थी। यात्रियों ने इस व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं कि कैसे एक निजी ड्राइवर यात्रियों की सुरक्षा को ताक पर रखकर वीडियो कॉल कर रहा था।