Yamunanagar: शहर की एक कॉलोनी में देवर ने अपनी भाभी के साथ दुष्कर्म कर डाला। पीड़ित महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने अपने भाई के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसकी वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों भाईयों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है।

घर में भाभी को अकेली पाकर देवर ने दिया वारदात को अंजाम

जानकारी अनुसार शहर की एक कॉलोनी निवासी महिला ने बताया कि सौरव कुमार उसके घर के पास ही रहता है। रिश्ते में सौरव उसका देवर लगता है। गत 16 जनवरी की रात को उसके परिवार के सदस्य किसी काम से बाहर गए थे। वह घर पर अकेली थी। इस दौरान सौरव उनके घर पर आया। आरोपी ने उसे घर पर अकेला पाकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी उसे इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर चला गया। उसने डर के कारण घटना के बारे में किसी को नहीं बताया।

ब्लैकमेल कर आरोपी ने दोबारा संबंध बनाने का किया प्रयास

पीड़िता ने बताया कि एक बार दुष्कर्म करने के बाद आरोपी फिर से उस पर संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने अपने भाई राहुल के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसे वीडियो वायरल करने की धमकी दी। परेशान होकर उसने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।