Haryana BJP New President: हरियाणा बीजेपी को जल्द मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष, जल्द मोहनलाल बड़ौली के नाम पर लग सकती है मुहर

Haryana BJP State President Mohanlal Badoli
X
हरियाणा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली।
Haryana BJP: हरियाणा में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के लिए जल्द ही चुनाव का नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। हाल ही में पार्टी ने 27 जिला अध्यक्षों का चुनाव किया है, जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष का भी जल्द ही ऐलान किया जा सकता है।

Haryana BJP New President: हरियाणा में जल्द ही भारतीय जनता पार्टी को अपना नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। हाल ही में प्रदेश के 22 जिलों में बीजेपी ने कुल 27 जिलाध्यक्षों को नियुक्त किया है। इसके बाद बाद अब पार्टी की ओर से प्रदेश अध्यक्ष की भी घोषणा हो सकती है। बीजेपी हाईकमान ने हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह को केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया है। जानकारी के मुताबिक, महामंत्री अरुण सिंह की ओर से जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव का नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है।

अध्यक्ष पद के लिए आवेदन लिए जाएंगे

हरियाणा में बीजेपी संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया चल रही है। इस दौरान बिना मतदान कराए ही सभी जिलों में 27 जिला अध्यक्षों का चुनाव किया है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष के लिए भी बिना मतदान कराए सभी की सहमति से अध्यक्ष पद का चुनाव हो सकता है। जानकारी के मुताबिक, बीजेपी महामंत्री अरुण सिंह की ओर से नोटिफिकेशन जारी किए जाने के बाद सभी नेताओं को आवेदन करने का भी अवसर दिया जाएगा।

इच्छुक उम्मीदवारों के आवेदन के बाद नामांकन पत्रों की छंटनी होगी। उसी दिन शाम तक उम्मीदवार अपने नाम भी वापस ले पाएंगे। इसके बाद अगले दिन अरुण सिंह की अध्यक्षता में बैठक होगी, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान किया जाएगा। माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में ही प्रदेश अध्यक्ष चुनाव का नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है।

ये लोग करेंगे प्रदेश अध्यक्ष के लिए मतदान

हरियाणा बीजेपी संगठन में प्रदेश अध्यक्ष चुनने के लिए कुल 117 वोटर हैं। इनमें हाल ही में चुने गए 27 जिलाध्यक्षों समेत सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों के अध्यक्ष भी शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए इन सभी मतदाताओं को रोहतक स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय या पंचकूला के पार्टी कार्यालय में बुलाया जाएगा।

इस पूरी प्रक्रिया में कुल 3 दिन का समय लग सकता है। पहले दिन बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद चुनाव के लिए नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा, जिसके बाद अगले दिन उम्मीदवारों के नामांकन पत्र लिए जाएंगे। इसके बाद तीसरे दिन चुनाव कराकर प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान कर दिया जाएगा।

मोहनलाल बड़ौली को फिर से मिल सकती है कमान

वर्तमान समय में हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मोहनलाल बड़ौली संभाल रहे हैं। उन्हें पिछले साल 9 जून को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। उस समय वह राई विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। हालांकि इस बार ने विधानसभा के चुनावी मैदान में नहीं उतारा। पिछले साल विधानसभा चुनावों में मोहनलाल बड़ौली ने पार्टी का नेतृत्व किया।

सीएम नायब सैनी और मोहनलाल बड़ौली के नेतृत्व में बीजेपी ने विधानसभा चुनावों में 48 सीटों पर जीत हासिल कर तीसरी बार अपनी सरकार बनाई। इसके बाद बीते 2 मार्च और 11 मार्च को शहरी स्थानीय निकाय चुनाव में भी बीजेपी ने बड़ी जीत हासिल की है। ऐसे में पार्टी की ओर से एक बार फिर मोहनलाल बड़ौली को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है।

ये भी पढ़ें: हरियाणा में भाजपा को मिले 27 नए जिलाध्यक्ष: पानीपत में जिलाध्यक्ष की कमान फिर से संभालेंगे दुष्यंत भट्‌ट, यहां देखें पूरी लिस्ट

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story