Logo
हरियाणा के लोकसभा चुनावों को लेकर भाजपा के दिग्गज नेताओं ने तैयारी शुरू कर दी है। सीटों को लेकर भाजपा ने पैनल तैयार किया है, जिसमें मौजूदा 9 सांसदों को शामिल किया गया है। सीटों को लेकर केंद्रीय चुनाव समिति अंतिम निर्णय लेगी।

Haryana : लोकसभा मिशन 2024 को लेकर भाजपा के सियासी दिग्गज युद्ध स्तर पर तैयारी में जुट गए हैं। लोकसभा की सभी 10 सीटों के लिए पैनल तैयार कर लिया गया है। सूत्रों का कहना है कि नाम के पैनल में कृष्ण पाल गुर्जर और राव इंद्रजीत का नाम शामिल है। इसके साथ ही मौजूदा 9 सांसदों का नाम पैनल में शामिल किया गया है।

केंद्रीय चुनाव समिति करेगी निर्णय

लोकसभा के लिए सिरसा से मौजूदा सांसद सुनीता दुग्गल और अशोक तंवर, रोहतक सीट से मौजूदा सांसद अरविंद शर्मा और ओपी धनखड़ का नाम लिया जा रहा है। सिटिंग सांसदों पर केंद्रीय चुनाव समिति की ओर से अंतिम फैसला लिया जाएगा। भिवानी महेंद्रगढ़ से भूपेंद्र यादव का नाम पैनल में नहीं है। यादव के नाम पर केंद्रीय समिति फैसला लेगी। अंबाला से स्वर्गीय सांसद रतनलाल कटारिया की पत्नी बंतो कटारिया का नाम भी शामिल किया गया है।

प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में लोकसभा सीटों को लेकर हुई चर्चा

भाजपा की वरिष्ठ नेता सुधा यादव ने बताया कि प्रदेश भाजपा चुनाव समिति की बैठक में सभी 10 लोकसभा सीटों को लेकर चर्चा की गई। सिटिंग सांसदों पर कोई भी अंतिम फैसला आलाकमान लेगा। हरियाणा भाजपा द्वारा सभी 10 लोकसभा सीटों पर पैनल तैयार किया गया है। चुनाव बीजेपी अकेले लड़ेगी या गठबंधन में, यह पार्टी हाई कमान की ओर से तय किया जाएगा। आने वाले दिनों में हरियाणा में भाजपा की रैलियों को लेकर भी चर्चा की गई है।

संभावित उम्मीदवारों पर चर्चा कर बनाया पैनल

पूर्व वित्त मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश चुनाव समिति की बैठक संपन्न हुई है। चुनाव समिति ने सभी 10 सीटों पर विस्तार से चर्चा की। संभावित उम्मीदवारों पर चर्चा करके पैनल बनाया गया। भारतीय जनता पार्टी हमेशा चुनावी मोड में रहती है। हर पन्ना तक कार्यकर्ता पहुंचे हुए हैं, चुनाव के लिए तैयार है, हरियाणा इतिहास दोहराएगा। देश में बीजेपी 370 पार और एनडीए 400 पार संकल्प पूरा होगा। मुख्यमंत्री और प्रभारी स्पष्ट कर चुके हैं कि हरियाणा प्रदेश में 10 कमल के फूल खिलेंगे। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का गठबंधन पहले भी शून्य था, आज भी शून्य है।

5379487