हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुवार को कैथल पहुँचे। यहाँ उन्होंने हेफेड के पूर्व चेयरमैन कैलाश भगत के आवास पर जाकर उनके पिता और भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय अमरनाथ भगत के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश सरकार के मंत्री कृष्ण लाल पंवार भी मौजूद रहे।
परिवार को बँधाई ढांढस
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय अमरनाथ भगत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने कैलाश भगत और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर शोक-संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में परिवार को ढांढस बँधाया। अमरनाथ भगत का पांच दिन पहले निधन हो गया था, जिसके बाद से ही प्रदेश के विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों का उनके निवास स्थान पर आना जारी है।
राजनीति और विचारधारा के स्तंभ थे अमरनाथ भगत
स्वर्गीय अमरनाथ भगत कैथल की राजनीति का एक बड़ा नाम रहे हैं। उनकी सक्रियता और समर्पण के किस्से आज भी क्षेत्र में याद किए जाते हैं। वे देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी जैसे दिग्गजों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर चुके थे।अमरनाथ भगत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक निष्ठावान और सक्रिय कार्यकर्ता रहे। उन्होंने कैथल में संघ की विचारधारा को घर-घर पहुँचाने और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने में अहम भूमिका निभाई। जिस समय कैथल और कुरुक्षेत्र एक ही जिले का हिस्सा हुआ करते थे, उस दौर में अमरनाथ भगत ने भाजपा के जिलाध्यक्ष के रूप में कमान संभाली थी। उन्होंने लगातार 4 बार इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन कर पार्टी संगठन को मजबूती दी।
'समर्पित सिपाही' तौर में जाना जाता है
कैथल की राजनीति में उन्हें एक ऐसे 'समर्पित सिपाही' के तौर पर जाना जाता है, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से समाज और संगठन की सेवा की। मुख्यमंत्री का उनके आवास पर पहुँचना इस बात का प्रतीक है कि पार्टी अपने पुराने और निष्ठावान नेताओं का सदैव सम्मान करती है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।