हांसी में सीएम सैनी की रैली 11 मई को : पूर्ण जिले की मिल सकती है सौगात, भयाना पेश करेंगे मांगों की लिस्ट

Chief Minister Naib Singh Saini.
X
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 11 मई को हांसी में जनसभा करेंगे। विधायक भयाना जिला बनाने समेत कई मांगें रखेंगे, हजारों लोगों की भीड़ जुटने की उम्मीद है।

CM Saini rally : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 11 मई को हिसार के हांसी में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। यह रैली न केवल मुख्यमंत्री के बतौर एक बड़ा जनसंपर्क कार्यक्रम होगी, बल्कि हांसी शहर के लिए कई विकास कार्यों की घोषणाओं की उम्मीद भी जताई जा रही है। यह जानकारी मंगलवार को हांसी रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक विनोद भयाना ने दी।

लंबे इंतजार के बाद तय हुई रैली की तारीख

विधायक भयाना ने बताया कि हांसी में मुख्यमंत्री की रैली को लेकर लंबे समय से चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन सीएम के व्यस्त कार्यक्रम के कारण तारीख तय नहीं हो पा रही थी। अब 11 मई को हांसी की अनाज मंडी में यह रैली दोपहर 12 बजे आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल होंगे और लोगों से सीधा संवाद करेंगे।

सरकार बनने के बाद हांसी में पहली आमसभा

मुख्यमंत्री सैनी के लिए यह रैली बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि भाजपा सरकार बनने के बाद यह उनकी पहली बड़ी आमसभा होगी। विधायक भयाना ने कहा कि चुनावी रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच से यह वादा किया था कि भाजपा सरकार बनते ही हांसी में डीसी की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। अब लोग उसी वादे को लेकर उम्मीद लगाए बैठे हैं कि मुख्यमंत्री कुछ ठोस घोषणाएं करेंगे।

हांसी को मिल सकती हैं बड़ी सौगातें

विधायक भयाना ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री के आगमन पर हांसी को नई सौगातें मिल सकती हैं। उन्होंने कहा कि वे खुद मुख्यमंत्री के सामने कई अहम मांगें रखेंगे जिनमें हांसी को पूर्ण जिला घोषित करना, सामान्य अस्पताल में बेड की संख्या बढ़ाना, एक नया कॉलेज और एक बस डिपो की स्थापना प्रमुख हैं।

हजारों लोगों के जुटने की उम्मीद

विधायक भयाना ने बताया कि हांसी में होने वाली रैलियों को लेकर पूरे जिले में एक अलग ही उत्साह रहता है। पहले की रैलियों में हांसी की जनता ने जिस तरह सहयोग और समर्थन दिया, उसी परंपरा को देखते हुए 11 मई की रैली में भी भारी जनसमूह के जुटने की उम्मीद है। राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार यह रैली आगामी निकाय और विधानसभा चुनावों की रणनीति के लिहाज से भी बेहद अहम मानी जा रही है। मुख्यमंत्री इस रैली के माध्यम से हांसी और आसपास के विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी को मजबूती देने की कोशिश करेंगे।

विकास को मिलेगा नया आयाम

स्थानीय लोगों की माने तो यदि मुख्यमंत्री हांसी को जिला बनाने जैसी मांगों को स्वीकार करते हैं, तो इससे न केवल प्रशासनिक सहूलियतें बढ़ेंगी, बल्कि विकास कार्यों को भी नई दिशा मिलेगी। वर्तमान में हांसी व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग विभिन्न कार्यों के लिए हिसार मुख्यालय पर निर्भर रहते हैं। विनोद भयाना की गिनाई गई मांगों में राजनीतिक दृष्टि से भी काफी वजन है। अगर मुख्यमंत्री इनमें से कुछ घोषणाएं भी रैली में करते हैं, तो यह भयाना के लिए बड़ा राजनीतिक लाभ साबित हो सकता है। वहीं हांसी को जिला बनाए जाने की मांग पिछले कई वर्षों से उठती रही है, ऐसे में इस पर मुख्यमंत्री की घोषणा जनता के बीच भाजपा की पकड़ मजबूत कर सकती है।

ये भी पढ़े : चंडीगढ़ पुलिस के ASI से ऑनलाइन ठगी : हॉटस्टार रिचार्ज के चक्कर में 4 लाख रुपये गंवाए, 37 मिनट तक उलझाए रहे ठग

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story