शनिवार सुबह उन्झा-मेहसाणा हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई। राजस्थान में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे कुमावत परिवार की इको कार उनावा के पास अचानक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब परिवार राजस्थान से वापस अहमदाबाद के रामोल इलाके की ओर लौट रहा था। ड्राइवर ने उनावा के पास वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई।
मौके पर चार की मौत
हादसे में रामलाल कुमावत, कैलाश कुमावत, कोमल कुमावत और एक मासूम बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं मंथरादेवी नाम की बुजुर्ग महिला ने मेहसाणा सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई। कार में सवार ड्राइवर समेत छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
राजस्थान मूल का था परिवार
बताया जा रहा है कि कुमावत परिवार मूल रूप से पाली जिले का निवासी है और वर्तमान में अहमदाबाद के रामोल इलाके में रहता था। परिवार शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
पुलिस कर रही जांच
सूचना मिलते ही उनावा पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।










