Logo
देश की राजधानी दिल्ली में आज सुबह हल्की बारिश के चलते मौसम खुशगवार हो गया है। मौसम में आए इस बदलाव का वायु प्रदूषण पर कितना असर पड़ा, जानिये यहां...

देश की राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में आज सुबह बारिश हुई, जिससे अधिकतम तापमान में कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के चलते केवल दिल्ली ही नहीं बल्कि उत्तर भारत के कई राज्यों में भी बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम में आए इस बदलाव के चलते लोगों को खासी राहत महसूस हो रही है क्योंकि पिछले एक सप्ताह से बढ़ते तापमान की वजह से दोपहर के समय चिलचिलाती गर्मी का अहसास होने लगा था। यही नहीं, मौसम में आए इस बदलाव ने वायु प्रदूषण पर भी नकेल कसने जैसा काम किया है। 

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के सुबह 9 बजे के आंकड़ों पर नजर डालें तो दिल्ली का आज वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 219 दर्ज हुआ है। पिछले दिनों के मुकाबले इसमें सुधार देखा जा रहा है। बीते मंगलवार को राजधानी का एक्यूआई दिल्ली में सुबह 8 बजे एक्यूआई 259 दर्ज किया गया था, जो कि खराब श्रेणी में था। वहीं सोमवार का एक्यूआई 214 दर्ज हुआ था। ऐसे में यह दर्शाता है कि कल के मुकाबले वायु प्रदूषण में सुधार हुआ है, लेकिन हवा की गुणवत्ता खराब से मध्यम श्रेणी में बनी है। 

दिल्ली के वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो कई स्टेशन ऐसे हैं, जहां एक्यूआई 300 के पार भी दर्ज किया गया है। दिल्ली के रोहिणी में एक्यूआई 340, अशोक विहार में 337, बराड़ी में 345,  मुंडका में 328, आनंद विहार में 219, बवाना में 321 और चांदनी चौक 302 समेत कई स्टेशनों पर वायु की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पाई गई है। 

यह भी पढ़ें: सीबीएसई के स्टूडेंट्स के एडमिट कार्ड रोकने वाले स्कूल पर एफआईआर क्यों नहीं? सौरभ भारद्वाज ने पूछा सवाल

यह भी पढ़ें: 12 दिन बाद तिहाड़ जेल से बाहर आए राजपाल यादव, अब 28 दिन बाद होगी दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई

यह भी पढ़ें: चारा घोटाला केस में लालू यादव की जमानत का विरोध, CBI ने रखी जोरदार दलीलें, SC अप्रैल में करेगा सुनवाई

दिल्ली का एक्यूआई लेवल

दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम का एक्यूआई 190, रोहिणी में 295, अशोक विहार में 260, आके पुरम में 221 और विवेक विहार में 275 दर्ज हुआ है। एनसीआर के शहरों की बात करें तो गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक्यूआई 292 दर्ज हुआ है, जबकि ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 125 में एक्यूआई 274 दर्ज हुआ है। फरीदाबाद की बात करें तो यहां का एक्यूआई 192 और गुरुग्राम के सेक्टर 51 का एक्यूआई 253 दर्ज हुआ है। 

लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सलाह 

दिल्ली में भले ही हल्की बारिश दर्ज हुई है, लेकिन हवा अभी तक प्रदूषित है। ऐसे में चिकित्सा जानकारों ने लोगों को सलाह दी है कि बिना मास्क लगाए घर से नहीं निकलना चाहिए। इस बदलते मौसम में संक्रमण भी तेजी से फैलता है। विशेषकर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।

5379487