Greater Noida Suicide Case: यह घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है। बहरहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Greater Noida Suicide Case: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौड़ सौन्दर्यम सोसाइटी से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां शेरोन टावर में रहने वाली 25 वर्षीय शिविका ठकराल नाम की एक युवती ने मंगलवार की रात अपने फ्लैट की 13वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। वह एमबीए की पढ़ाई के साथ ही मोहाली में जॉब भी कर रही थी। होली की छुट्टियों के लिए वह घर आई थी। परिवार के साथ रात का खाना खाने के बाद सब अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। सुबह सुरक्षाकर्मियों ने परिवार को जगाकर घटना की जानकारी दी। इस घटना के बाद पूरी सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई और लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

शिविका ठकराल अपने पिता विनय ठकराल के साथ शेरोन टावर के फ्लैट में रहती थी। मोहाली से पढ़ाई और नौकरी के चलते वह छुट्टियों पर घर लौटी थी। परिवार ने बताया कि रात को सबने साथ में डिनर किया और फिर सो गए। परिवार का कहना है कि सब कुछ सामान्य था, लेकिन सुबह जब गार्ड्स ने सूचना दी तो पूरा परिवार सदमे में आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही सोसाइटी में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी है। अभी तक परिवार की तरफ से कोई शिकायत नहीं दी गई है और न ही कोई सुसाइड नोट मिला है।

हादसे की खबर मिलने के बाद बिसरख थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला लग रहा है लेकिन हर पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस ने परिवार और पड़ोसियों से जानकारी ली। सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज की जांच भी शुरू कर दी गई है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी। पुलिस मोहाली में शिविका की सहेलियों और क्लासमेट्स से भी पूछताछ करने की योजना बना रही है।