छठ पर्व पर विवाद: दिल्ली में तैयारी करने की बजाय एक-दूसरे पर तंज कस रही AAP और BJP, न कोई सुविधा और न ही इंतजाम

Chhath Pooja 2024
X
प्रतीकात्मक तस्वीर ।
दिल्ली में छठ के त्योहार की सुविधाओं को लेकर सियासत हो रही है। आम आदमी पार्टी के नेता भाजपा पर तैयारियां न करने देने का आरोप लगा रहे हैं, तो दूसरी तरफ भाजपा इन्हें खारिज कर आम आदमी पार्टी के नेताओं पर आरोप लगा रही है।

Chhath Pooja 2024: कुछ ही दिनों में आस्था का पर्व छठ है। दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लगभग लोग यमुना घाट पर सूर्य को अर्घ्य देने जाते हैं। ऐसे में प्रदूषित यमुना ने छठ का मजा किरकिरा कर दिया है। यमुना घाट पर छठ को लेकर कोई तैयारियां नहीं हुई हैं। ऐसे में दिल्ली सरकार और भाजपा ने भी एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप करना शुरू कर दिया है।

दिल्ली में छठ की तैयारियों पर सियासत

दरअसल, छठ पर्व को लेकर सियासत तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी और भाजपा दिल्ली के यमुना घाट पर छठ की तैयारियों को लेकर आमने सामने आ गए हैं। इस मामले पर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया है कि भाजपा ने यमुना के छठ घाट पर ताला जड़ दिया है। उन्होंने एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि छठ पूजा का विरोध करने के लिए भाजपा ने छठ घाट पर ताला लगवा दिया है।

वहीं भारतीय जनता पार्टी के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने छठ पूजा के अवसर पर यमुना घाट और दिल्ली में तैयारियां नहीं कराने की बात कही है। खंडेलवाल ने कहा कि जब तक दिल्ली में आम आदमी पार्टी सत्ता में रहती है, वे लोग हर बात पर लड़ते हैं। कोई भी ऐसा विषय नहीं है, जिस पर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने विवाद न किया हो। वे लोग दिल्ली के लोगों की समस्या को खत्म नहीं करना चाहते। हर साल छठ पूजा करने की अनुमति मिलती है, लेकिन आम आदमी पार्टी के लोग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इंतजाम कर पाने की जिम्मेदारी केजरीवाल सरकार की है और वे विफल रहते हैं। हर बार की तरह इस बार भी ये लोग अपनी विफलता का ठीकरा बीजेपी के सिर पर फोड़ रहे हैं।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि व्यवस्था नहीं हो पाने के कारण लोगों में काफी नाराजगी है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी लोगों के लिए सुविधाएं मुहैया कराएगी। छठ पूजा के लिए लोगों को सारी सुविधाएं दी जाएंगी। भाजपा के सदस्य छठ घाटों पर रहेंगे और लोगों की सेवा करेंगे।

इतना ही नहीं आम आदमी पार्टी की तरफ से भाजपा पर आरोप लगाया गया कि भाजपा वाले सतपुला पार्क में छठ घाट बनाने से रोक रहे हैं। इस पर भाजपा की तरफ से पलटवार करते हुए कहा गया कि आम आदमी पार्टी वाले खुद ही छठ घाट बनाने से रोक रहे हैं और राजनीति करने के लिए भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं।

बता दें कि दिल्ली में यमुना का हाल बेहाल है। नदी में प्रदूषण का स्तर हाई है। अक्सर सफेद जहरीले झाग देखने को मिलते हैं। कालिंदी कुंज इलाके में यमुना नदी पर बड़ी तादाद में जहरीला झाग तैरता हुआ देखा गया। ऐसे में लोगों को डर है कि अगर यमुना में डुबकी लगाएंगे तो बीमार पड़ सकते हैं। हाल ही में दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने यमुना में डुबकी लगाई थी, जिसके कारण वे काफी बीमार हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था।

ये भी पढ़ें: रेलवे ने शुरू की छठ स्पेशल ट्रेनें, यूपी बिहार जानें में होगी आसानी

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story