Delhi Theme Parks: दिल्ली नगर निगम की ओर से बच्चों के लिए खास तरह के थीम पार्क बनाने का फैसला लिया गया है। बताया जा रहा है कि इन पार्क को राजधानी के 7 इलाकों में बनाए जाएंगे। ताकि बच्चों को खेलने के साथ-साथ नया अनुभव भी मिल सके। निगम की योजना के तहत पार्कों को इस तरह से डिजाइन किया जाएगा, ताकि वे बच्चों और परिवारों के लिए ज्यादा मजेदार और उपयोगी बन सके।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नगर निगम द्वारा ये पार्क जनकपुरी, साकेत, ग्रेटर कैलाश, मयूर विहार, स्वास्थ विहार, करोल बाग और मायापुरी में बनाए जाएंगे। इन प्रोजेक्ट्स को AMRUT योजना के तहत तैयार किया जा रहा है, जिसमें हर पार्क को एक अलग थीम दी जाएगी। जिसकी मदद से बच्चों को अलग-अलग तरह की एक्टिविटीज और खेलने के नए साधन दिए जाएंगे।
बताया जा रहा है कि जनकपुरी के पार्क में हवाई जहाज की थीम पर प्ले एरिया को बनाया जा रहा है, जहां बच्चों को एयरप्लेन जैसी संरचना में खेलने का मौका मिलेगा। इसके अलावा मयूर विहार में 20 से 25 फीट ऊंचा मोर का बड़ा स्टैच्यू तैयार किया जाएगा, जिसमें बच्चों के लिए प्लेहाउस और कई तरह के खेल शामिल होंगे। इन दोनों जगहों पर काम शुरू कर दिया गया है, जबकि अन्य पार्कों का काम अभी शुरूआती फेज में है।
RWA को मिलेगी पार्कों की जिम्मेदारी
मौजूदा समय में दिल्ली में MCD के पास करीब 15,000 से ज्यादा पार्क हैं, लेकिन माली की कमी की वजह से उनकी देखभाल में परेशानी आती है। इसे ध्यान में रखते हुए MCD नई नीति ला रहा है, जिसके तहत RWA यानी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन को पार्कों की देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। नई व्यवस्था के तहत RWA को हर महीने प्रति एकड़ 13,500 रुपये की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा MCD उन्हें मुफ्त में खाद देगा। अधिकारियों का कहना है कि इस योजना से पार्कों का हालत में काफी सुधार होगा।










