दिल्ली में कांग्रेस को एक और झटका: अब इस दिग्गज नेता ने छोड़ी पार्टी, AAP गठबंधन को बताया कारण

Om Prakash Bidhuri Resigns from Congress
X
ओम प्रकाश बिधूड़ी और अरविंदर सिंह लवली की फाइल फोटो।
दिल्ली में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। पार्टी नेता ओम प्रकाश बिधूड़ी ने अब इस्तीफा दे दिया है। बिधूड़ी ने भी पार्टी छोड़ने की वजह आम आदमी पार्टी से गठबंधन बताया है।

Om Prakash Bidhuri Resigns From Congress: दिल्ली में लोकसभा चुनाव के पहले कांग्रेस को एक के बाद एक बड़ा झटका लग रहा है। पहले प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने पद से इस्तीफा दिया, इसके बाद दो पूर्व विधायकों ने भी पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया था। अब दिल्ली कांग्रेस के एक और वरिष्ठ नेता ने हाथ का साथ छोड़ दिया है। दरअसल, ओम प्रकाश बिधूड़ी ने गुरुवार (2 मई) को पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इस फैसले की वजह आम आदमी पार्टी से गठबंधन को बताया।

30 साल कांग्रेस में रहे ओमप्रकाश बिधूड़ी

कांग्रेस नेता बिधूड़ी ने इस्तीफा देने का दावा किया पार्टी के हजारों कार्यकर्ता दिल्ली में 'आप' से गठबंधन के खिलाफ थे। उन्होंने कहा मैंने कई कारणों से इस्तीफा दे दिया लेकिन मुख्य वजह दिल्ली में कांग्रेस का आप से गठबंधन है। मैंने इस्तीफा देकर अपनी भावना का इजहार किया है। बिधूड़ी ने कहा कि पार्टी के हजारों कार्यकर्ता इस गठबंधन से खुश नहीं थे।

हम सभी ने अपनी भावना का इजहार किया जब अरविंदर सिंह लवली पार्टी के अध्यक्ष थे, लेकिन किसी ने हमारी बात नहीं सुनी। ये गठबंधन कार्यकर्ताओं की भावना के खिलाफ है, इसलिए मैंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया है। बता दें कि ओम प्रकाश बिधूड़ी साल 2013 में तुगलकाबाद विधानसभा सीट से विधायक का चुनाव लड़ चुके हैं। वह प्रदेश कांग्रेस में महासचिव के पद पर भी रह चुके हैं। वह कांग्रेस के साथ करीब 30 साल से जुड़े थे।

ये भी पढ़ें:- पूर्व एमएलए नसीब सिंह और नीरज बसोया ने पार्टी छोड़ी, इस्तीफे में लिखा, शर्मिंदगी की वजह बनी

गौरतलब है कि दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने 28 अप्रैल को अपने पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को चिट्ठी लिखकर अपने इस्तीफे की आम आदमी पार्टी से गठबंधन और बाहरी नेताओं को टिकट समेत कई वजह बताई। हालांकि, अरविंदर सिंह लवली ने ये साफ किया कि उन्होंने सिर्फ पद से इस्तीफा दिया है, पार्टी नहीं छोड़ी है। लवली के इस्तीफे के बाद पूर्व विधायक नीरज बसोया और नसीब सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। लवली के पद छोड़ने के बाद देवेंद्र यादव को 30 अप्रैल दिल्ली कांग्रेस का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story