दिल्ली से सटे नोएडा से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां नोएडा पुलिस ने एनकाउंटर के बाद बदमाश संजीव उर्फ सनी उर्फ मौत को धर दबोचा है। उसके पांव में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाश के पास से चोरी की चैन, होंडा सिटी कार और अवैध हथियार बरामद किए हैं। पुलिस बदमाश के साथियों की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उन्हें भी अरेस्ट कर लिया जाएगा 

नोएडा पुलिस के मुताबिक, इकोटेक 3 इलाके में शुक्रवार-शनिवार की मध्य रात्रि को जलपुरा बिजली घर के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध होंडा सिटी कार आई। पुलिस को देखते ही कार चालक ने रूकने की बजाए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने जब कार का पीछा किया तो जलपुरा के पास पानी भरा होने की वजह से होंडा सिटी कार फंस गई। 

पुलिस को नजदीक आते देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में कार सवार बदमाश के पांव में गोली, लगी जिसके बाद पुलिस ने उसे धर दबोचा। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा आरके गौतम ने बताया कि बदमाश की पहचान संजीव उर्फ सनी उर्फ मौत के रूप में हुई है। वह एक शातिर अपराधी है। उस पर नोएडा के साथ ही अलीगढ़ के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और एनडीपीएस एक्ट समेत कई संगीन अपराधों के 27 मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि बदमाश को गिरफ्तार कर इलाज के लिए भर्ती कराया। पूछताछ के बाद कई अन्य वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है।