Logo
Noida Crime: नोएडा में नवजात बच्ची का सौदा करने के मामले में अस्पताल संचालिका समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Noida Crime: नोएडा से नवजात बच्ची का करीब 3 लाख रुपये में सौदा करने का मामला सामने आया है। इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) द्वारा अस्पताल की संचालिका समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में टीम द्वारा आरोपियों से पूछताछ की  जा रही है, ताकि पूरे मामले का खुलासा हो सके।  

जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला नोएडा के बिसरख थानाक्षेत्र में एक प्राइवेट अस्पताल का बताया जा रहा है। जांच में सामने आया है कि 5 दिन पहले अस्पताल में एक प्री-मैच्योर बच्ची का जन्म हुआ था। जन्म देने वाली मां नवजात बच्ची को अस्पताल में ही छोड़कर चली गई, जिसके बाद अस्पताल की नर्स ने इसका फायदा उठाते हुए बच्ची की देखभाल करने के बजाय उसे बेचने की योजना बनाई है।

इस मामले में नर्स का पति भी उसके साथ शामिल है। आरोपी पति ने बच्ची के लिए खरीदार ढूंढ़ना शुरू कर दिया और कई लोगों से संपर्क किया। इसके अलावा व्हाट्सऐप ग्रुप में भी बच्ची को गोद देने के नाम पर मैसेज भेजे गए। इसी दौरान  शहर की एक सोसाइटी में रहने वाले एक दंपती ने मैसेज देखा, और उन्होंने बच्ची को गोद लेने की इच्छा जताई और आरोपी नर्स के पति से संपर्क किया।  

दंपती ने दी थी शिकायत 

बच्ची को खरीदने के लिए दंपती और आरोपी के बीच सौदा 3 लाख रुपये से शुरू हुआ। लेकिन बाद में इसे 2 लाख 60 हजार रुपये में तय की गई, लेकिन  दंपती और सौदा कराने वालों के बीच कहासुनी हो गई। जिसके बाद मामले की शिकायत दंपती ने चाइल्ड और महिला हेल्पलाइन को दे दी।

इसके बाद मामला तुरंत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट तक पहुंचा। आरोपियों को पकड़ने के लिए AHTU टीम ने जाल बिछाया और मौके पर पहुंचकर अस्पताल की संचालिका समेत 3 लोगों को पकड़ लिया, वहीं नवजात को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।

मां की तलाश में जुटी पुलिस

ऐसा भी कहा जा रही है कि बच्ची को जन्म देने वाली मां को भी पुलिस ढूंढ रही है। महिला को पकड़ने के लिए सीसीटीवी कैमरो को खंगाला जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बच्ची को अस्पताल में क्यों छोड़ा गया। नवजात बच्ची को डॉक्टर की निगरानी में रखा गया है। फिलहाल बच्ची स्वस्थ है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्ची को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) को दे दिया जाएगा। यही सें बच्ची के पालन-पोषण और गोद देने की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके अलावा पुलिस आरोपी नर्स की तलाश में भी जुटी है। नर्स की गिरफ्तारी के बाद मामले में अहम जानकारी मिलने की संभावना है।

7