Lok Sabha Election 2024: बेगूसराय से नहीं मिला टिकट, तो कन्हैया कुमार ने दिल्ली में डाला डेरा, मनोज तिवारी के खिलाफ लड़ सकते हैं चुनाव

Kanhaiya Kumar
X
उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से चुनाव लड़ सकते हैं कन्हैया कुमार।
Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से कन्हैया कुमार को उम्मीदवार बनाने पर विचार कर रही है। अगर ऐसा होता है तो कन्हैया कुमार का मुकाबला एनडीए प्रत्याशी मनोज तिवारी से होगा।

Lok Sabha Election 2024: आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से कन्हैया कुमार को उम्मीदवार बनाने पर विचार कर रही है। अगर कन्हैया को उत्तर पूर्वी दिल्ली से टिकट मिलता है तो उनका मुकाबला बीजेपी उम्मीदवार मनोज तिवारी से होगा। 2014 और 2019 के चुनाव में इस सीट से मनोज तिवारी विजयी रहे हैं।

2019 लोकसभा चुनाव में हार गए थे कन्हैया कुमार
2019 के लोकसभा चुनाव में कन्हैया कुमार ने लेफ्ट के टिकट पर बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। उनका मुकाबला बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से हुआ था। हालांकि, कन्हैया कुमार को हार का सामना करना पड़ा था। अब, ऐसा लग रहा है कि कन्हैया कुमार बिहार छोड़ दिल्ली की ओर रुख करने वाले हैं। क्योंकि, इस बार बेगूसराय से कन्हैया कुमार का टिकट कट गया है। इंडी गठबंधन के फॉर्मूले के तहत यह सीट लेफ्ट के खाते में चला गया है।

दिल्ली के इस सीट से चुनाव लड़ सकते हैं कन्हैया कुमार
दिल्ली में 7 लोकसभा सीटें हैं और मौजूदा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के बीच गठबंधन है। सीट शेयरिंग के तहत कांग्रेस दिल्ली में 3 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हालांकि, कांग्रेस ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। ऐसे में चर्चा चल रही है कि कांग्रेस उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से कन्हैया कुमार को मैदान पर उतार सकती है, जहां से वर्तमान में मनोज तिवारी सांसद हैं और बीजेपी ने एक बार फिर मनोज तिवारी पर भरोसा जताया है। ऐसे में अगर कांग्रेस उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से कन्हैया कुमार को टिकट देती है तो उनका सीधा मुकाबला मनोज तिवारी से होगा।

दिल्ली के सभी सीटों के लिए 25 मई को होगी वोटिंग
दिल्ली की सभी सात सीटों (चांदनी चौक, उत्तर पूर्व दिल्ली, दिल्ली पूर्व, नई दिल्ली, उत्तर पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली) के लिए वोटिंग 25 मई को होगी। नामांकन भरने की आखिरी तारीख 6 मई है। 9 मई तक पर्चा वापस लिया जा सकेगा। जबकि, 2024 लोकसभा चुनाव के नतीजे 4 जून को आएंगे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story