Logo
इस लक्कड़ मार्केट में प्लाईवुड के गोदाम और कई अन्य छोटी दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग इतनी भीषण थी कि दमकलकर्मियों को इसे बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

देश की राजधानी दिल्ली से आए दिन आग की घटनाएं सामने आ रही हैं। आज भी कीर्ति नगर स्थित लक्कड़ मंडी में भीषण आग लग गई। प्लाईवुड के गोदाम और कई अन्य छोटी दुकानें आग की चपेट में आ गईं। ऐसे में इस भीषण आग को काबू करने में दमकलकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि विभिन्न फायर स्टेशनों से नौ से अधिक दमकल वाहनों की मदद से इस आग पर काबू पा लिया गया है। अधिकारियों की मानें तो अब शीतलन कार्य शुरू किया गया है। हादसे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। अधिक जानकारी मिलते ही खबर अपडेट की जाएगी। 

बता दें कि इससे पूर्व 23-24 फरवरी की मध्य रात्रि को रणहौला इलाके में स्थित एक सरकारी स्कूल में आग लग गई थी। आग की चपेट में आकर यहां के चौकीदार की दर्दनाक मौत हो गई थी। मृतक का नाम नरेश था, जो कि 58 साल के थे।  

इससे एक दिन पहले यानी 22 फरवरी को बाहरी दिल्ली के आदर्श नगर के एक घर में आग लग गई थी। दमकलकर्मी और पुलिसकर्मी आग बुझाने के प्रयास में जुटे थे, तभी एक सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। हादसे में पुलिस और दमकलकर्मियों समेत 14 लोग झुलस गए थे। झुलसे लोगों में से आठ लोग एक ही परिवार के थे। इससे पहले भी आग की कई घटनाएं सामने आई हैं, जो कि डराने वाली हैं। 

5379487