Faridabad News: फरीदाबाद से एक बड़ी वारदात की खबर सामने आ रही है। यहां एक बैंक से लॉकर में रखे हुए 1.5 करोड़ के गहने गायब हो गए। इस मामले को लेकर फरीदाबाद के सेक्टर 16 में रहने वाले एक कारोबारी ने शिकायत दर्ज कराई। कारोबारी ने इस मामले में सेक्टर 15 की पुलिस चौकी में लिखित रूप में शिकायत दी। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच की और केस अपराध की शाखा को सौंप दिया। पीड़ित शख्स का नाम जोगेंद्र नाथ महता है।
उन्होंने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि फरीदाबाद के सेक्टर 15 में स्थित पंजाब नेशनल बैंक में उनका 20 साल पुराना खाता है। उन्होंने अपनी शिकायत में आगे बताया कि इसी बैंक में उनका एक लॉकर भी है। साल 2024 में उन्होंने इस लॉकर की नवीनीकरण कर उसकी अवधि बढ़वाई थी। इसके बाद 9 मई 2025 को उसी लॉकर में उन्होंने 950 ग्राम के सोने के गहने रखे थे, जिनकी कीमत वर्तमान समय में बाजार में 1.5 करोड़ के आसपास आंकी जा रही है।
पीड़ित ने महता ने आगे कहा कि 27 फरवरी को वह लॉकर से अपने गहने निकालने गए थे। लेकिन जैसे बैंक पहुंचकर उन्होंने लॉकर खोला तो वह हैरान रह गए क्योंकि लॉकर खाली पड़ा था। उसमें से गहने गायब थे। इसके बाद पीड़ित ने तुरंत डायल 112 को कॉल की और इसके बारे में जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित व बैंक के कर्मचारियों से इस मामले में प्रारंभिक पूछताछ की।
पीड़ित के बेटे लोकेश मेहता का कहना है कि लॉकर में उसके परिवार के पुश्तैनी गहने रखे थे। जो सालों से सुरक्षित रखे हुए थे। पीड़ित परिवार का कहना है कि गहने भी उन्हीं के गायब हुए हैं और बैंक प्रबंधन के लोग भी उल्टा उन पर ही गहने गायब करने का आरोप लगा रहे हैं। पीड़ित ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। लोकेश ने बताया कि बैंक का लॉकर उनके पिता जोगेंद्र महता और माता इंद्रावती के नाम पर है।









