Exhibition on Indian Culture: भारत का सिनेमा न सिर्फ भारतीय लोगों को पसंद है बल्कि विश्व भर के लोगों के लिए हमेशा चर्चा का विषय बना रहता है। इसी को लेकर दिल्ली के मैक्स मूलर मार्ग पर स्थित इंडिया इंटरनैशनल सेंटर गैलरी में प्रदर्शनी लगाई गई है। 'सेल्फ डिस्कवरी वाया रीडिस्कवरिंग इंडिया' नामक इस प्रदर्शनी को द तुली सेंटर फॉर इंडिया स्टडीज की तरफ से आयोजित किया गया है, जिसका लुत्फ़ 30 मार्च, 2024 तक उठा सकते हैं।

विभिन्न कलाकृतियों का हुआ आयोजन 

आपको बता दें कि इस प्रदर्शनी में कलाकृतियों, शिल्प कृतियों, स्मृति चिह्नों और आर्काइव्स के जरिए भारत की सांस्कृतिक, समृद्ध सिनेमा विरासत और इतिहास को बड़े ही रोचक ढंग से पेश किया गया है। प्रदर्शनी भारतीय और विश्व सिनेमा, फाइन और पॉपुलर आर्ट्स व क्राफ्ट्स, फोटोग्राफी, वास्तुशिल्प से जुड़ी विरासत, पारिस्थितिकीय शिक्षा, पशु कल्याण और सामाजिक विज्ञान के माध्यम से लोगों को भारत की बहुमुखी पहचान से अवगत कराने का प्रयास करती है। 

दुनियाभर के लोगों को समृद्ध विरासत से अवगत कराना

इस रिसर्च सेंटर के संस्थापक नेवील तुली ने प्रदर्शनी को लेकर कहा कि इसका मकसद भारत की समृद्ध विरासत से दुनियाभर के लोगों को अवगत कराना है। यह प्रदर्शनी बड़ी संख्या में भारत के लोगों को आकर्षित कर रही है। इससे लोगों को भारत की सांस्कृतिक विरासत की दृष्टि से रू-ब-रू होने का मौका मिल रहा है। यह प्रदर्शनी भारत की सांस्कृतिक पहचान की यात्रा पर निकलने के इच्छुक लोगों के निश्चित तौर पर प्रेरणादायी साबित होगी।