Logo
election banner
School Bus and Car Collided: दिल्ली एनसीआर में लोगों को ठंड और कोहरे की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। इसी बीच, साकेत में स्कूल बस और कार के बीच भीषण टक्कर हुई है।

School Bus and Car Collided: कोहरा बढ़ने की वजह से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सड़क दुर्घटनाएं भी देखने को मिल रही हैं। शुक्रवार सुबह इसी कोहरे के कारण एक सड़क हादसा हुआ है। दरअसल, अनुपम सिनेमा रोड पर साकेत में स्कूल बस और कार में जोरदार टक्कर हो गई। इसमें कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार चालक घायल हो गया और इलाज के लिए उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बस में मौजूद नहीं था कोई बच्चा

गनीमत यह रही कि स्कूल बस और कार की टक्कर के समय बस में कोई भी बच्चा मौजूद नहीं था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, स्कूल बस बच्चों को स्कूल छोड़कर आ रही थी। यह हादसा सुबह करीब 7 बजे के आसपास हुआ है। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस पहुंची। यह हादसा किसकी गलती की वजह से हुआ है, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस बस चालक और कार चालक से भी पूछताछ करेगी।

दिल्ली में कोहरे का कहर

दिल्ली में आज सुबह भी घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए लोगों को अलर्ट किया है। इस दौरान कुछ इलाकों में सुबह दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। आर्द्रता 96 फीसदी रही और आज तीन किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। कोहरे की वजह से परिवहन व्यवस्था पर भी काफी असर पड़ा है। हालात ऐसे हैं कि राजधानी आने-जाने वाली करीब 11 ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। वहीं, कुछ उड़ाने भी प्रभावित हैं।

आज सुबह 7 बजे तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। एनसीआर में सुबह का तापमान फरीदाबाद में 9 डिग्री सेल्सियस, गुरुग्राम में 9 डिग्री सेल्सियस, नोएडा में 8 डिग्री सेल्सियस, ग्रेटर नोएडा में 8 डिग्री सेल्सियस और गाजियाबाद में 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिल्ली में आज के लिए रेड अलर्ट, 31 दिसंबर के लिए ऑरेंज अलर्ट और नए साल के दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 

5379487