haribhoomi hindi news
Delhi Weather Update: दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, इसे लेकर मौसम विभाग द्वारा अलर्ट जारी किया है। जानने के लिए यहां मौसम का ताजा अपडेट...

Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में पिछले महीने यानी मार्च बारिश होने से लोगों को कुछ हद तक गर्मी से राहत मिली है। लेकिन एक बार फिर से मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। ऐसे में कल यानी 3 अप्रैल शुक्रवार को बारिश होने का अनुमान है, जो आने वाले सप्ताहांत तक जारी रह सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने शनिवार यानी 4 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 

3 से 5 अप्रैल को कहां होगी बारिश ?

मौसम विभाग  का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे‑धीरे उत्तर भारत की तरफ बढ़ रहा है, जिसकी वजह से एक नया मौसम संचरण 2 अप्रैल को एरिया में पहुंच सकता है। ऐसे में 3 से 5 अप्रैल के बीच दिल्ली‑एनसीआर, नोएडा, गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में गरज‑चमक, बारिश और तेज हवाओं की चलने की संभावना है। ऐसे में  शाम और रात के समय भी बारिश देखने को मिल सकती है। 

बीते दिन कैसा रहा तापमान ?

IMD के मुताबिक,अभी हाल ही में मंगलवार और बुधवार के बीच दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। हल्की बारिश होने की वजह से तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिली है। बीते दिन यानी बुधवार को  न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 2 डिग्री कम है। वहीं अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम है। 

इस दौरान हवा में नमी का स्तर भी बदलता रहा, जो 100 प्रतिशत से गिरकर 37 प्रतिशत तक पहुंच गया है। बारिश का असर अलग-अलग इलाकों में भी देखा गया है, लोधी रोड पर 6.4 मिमी, आया नगर में 6.8 मिमी और रिज क्षेत्र में 2.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। स्काईमेट वेदर के विशेषज्ञ महेश पलावत का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभों की वजह से  8-9 अप्रैल तक दिल्ली और आसपास के एरिया में  रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।

8 और 9 अप्रैल को कैसी रहेगी स्थिति ?

IMD का कहना है कि 8-9 अप्रैल को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही आज 2 अप्रैल वीरवार को तापमान 36 डिग्री अधिकतम और 19 डिग्री न्यूनतम रहने की संभावना है।

वहीं रविवार और सोमवार तक यह थोड़ा गिरकर 33 और 19 डिग्री तक पहुंच सकता है। बारिश और तेज हवा चलने के कारण दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला है। मौसम विभाग के विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में हवा की स्थिति मध्यम श्रेणी में बनी रहने की संभावना है। 

7