दिल्ली पुलिस ने मयूर विहार में एक वकील पर फायरिंग करने के मामले को सुलझा लिया है। पुलिस ने वकील पर फायरिंग करने वाले शार्प शूटर समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से मेड इन इटली पिस्टल और 8 जिंदा कारतूस के अलावा चोरी की दो स्कूटी भी बरामद की गई है। बहरहाल, पुलिस ने तीनों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस को पूछताछ के दौरान कई वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मयूर विहार इलाके में 26 फरवरी को एक वकील पर फायरिंग की गई थी। स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि वकील पर फायरिंग करने वाला शार्प शूटर एमजी रोड स्थित रोज गार्डन के पास आने वाला है। इस पर सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट डीसीपी रोहित राजबीर सिंह की टीम ने पूरे इलाके में घेराबंदी कर दी। गांधी स्मारक बस स्टैंड के पास तीनों बदमाश दिखाई दिए। इस पर पुलिस ने तुरंत अपनी टीमों को एक्टिव कर दिया और बिना किसी परेशानी के तीनों पर काबू पा लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय सोहैब उर्फ अज्जू, 36 वर्षीय अनीस उर्फ सोनू और 24 वर्षीय माजिद के रूप में हुई है। सोहैब शार्प शूटर है और थाना मयूर विहार का भगौड़ा अपराधी घोषित है। पुलिस ने तीनों के पास से मेड इन इटली पिस्टल और मैगजीन में लोड 3 कारतूस बरामद हुए। साथ ही, माजिद के पास से 5 जिंदा कारतूस मिले हैं। बदमाश जिस स्कूटी पर सवार होकर आए थे, वो भी चोरी की मिली हैं। पुलिस को आशंका है कि अपराधी यहां किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में आए थे।
शार्प शूटर सोहैब पर कई केस दर्ज
दिल्ली पुलिस ने बताया कि शार्प शूटर पर पहले भी लूट, स्नैचिंग और हत्या प्रयास जैसे सात अपराधिक मामलों में शामिल रहा है। आरोपियों के पास से विदेशी पिस्टल और कारतूस कहां से सप्लाई हो रहे, इस नेटवर्क का भी प्रयास किया जाएगा। बहरहाल, आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। पूछताछ के बाद कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।