haribhoomi hindi news
Delhi Passport Slot: दिल्ली में पासपोर्ट अपॉइंटमेंट अब आसान हो गया है। डिफेंस कॉलोनी, शालीमार बाग और झंडेवालान केंद्रों पर स्लॉट बढ़ाए गए हैं। जानें कैसे करें जल्दी बुकिंग और क्या हैं नए नियम।

Delhi Passport Slot: दिल्ली में पासपोर्ट बनवाने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि पासपोर्ट विभाग ने  दिल्ली के प्रमुख पासपोर्ट सेवा केंद्रों डिफेंस कॉलोनी, शालीमार बाग और झंडेवालान में ऑनलाइन अपॉइंटमेंट स्लॉट की संख्या को बढ़ा दिया है।

इससे आवेदकों को स्लॉट बुक करने के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। पहले अपॉइंटमेंट के लिए लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा, वहीं अब स्लॉट बढ़ने से प्रक्रिया तेज और भी ज्यादा आसान हो जाएगी।  

अधिकारीयों के मुताबिक लोगों की बढ़ रही मांग को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। ताकि पासपोर्ट सेवा को अधिक प्रभावी और समयबद्ध बनाया जा सके। इच्छुक आवेदक Passport Seva Portal की सहायता से अपनी सुविधा के अनुसार अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं।

प्रतिदिन 200 नए स्लॉट जारी
ऐसा कहा जा रहा है कि राजधानी के डिफेंस कॉलोनी में पासपोर्ट सेवा सेंटर पर सामान्य (नॉर्मल) आवेदन के लिए भी रोज 200 नए स्लॉट जारी किए जा रहे हैं। अब तक सेंटर पर केवल तत्काल पासपोर्ट आवेदन की सुविधा थी, जिसकी वजह से सामान्य श्रेणी के आवेदकों को दूसरे सेंटर पर निर्भर रहना पड़ता था। संभावना है कि नई व्यवस्था लागू हो जाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों को फायदा होगा। 

विभाग के मुताबिक, दिल्ली में पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को समय पर अपॉइंटमेंट मिल सके, और पेंडिंग मामलों का समाधान हो सके। ऐसे आवेदकों को भी राहत मिलेगी, जिनके आवेदन में  किसी आपत्ति या डॉक्यूमेंट्स की कमी के कारण  मामला लंबित या एस्केलेट हो गया था।

वॉक-इन की सुविधा 
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी डॉक्टर अभिषेक शर्मा का कहना है कि मामलों को निपटाने के लिए  “वॉक-इन” सुविधा शुरू की गई है। इसके आवेदकों को ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की जरूरत नहीं है, वे सीधे पासपोर्ट कार्यालय पहुंचकर समस्या का समाधान कर सकेंगे।

किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10  बजे से लेकर दोपहर 1 बजे के बीच कार्यालय पहुंचने वाले सभी आवेदकों की सुनवाई की जाएगी। इस दौरान अधिकारी संबंधित आपत्तियों और दस्तावेजी कमियों का मौके पर ही निपटारा करेंगे। 

क्या हैं नए बदलाव?

  • डिफेंस कॉलोनी पासपोर्ट केंद्र पर अब सामान्य (नॉर्मल) आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।
  • यहां प्रतिदिन 200 सामान्य आवेदन के नए स्लॉट शुरू किए गए हैं। 
  • शालीमार बाग पासपोर्ट सेवा केंद्र पर रोजाना 190 अतिरिक्त स्लॉट जोड़े गए। 
  • झंडेवालान पासपोर्ट सेवा केंद्र पर भी प्रतिदिन 350 अतिरिक्त स्लॉट बढ़ाए गए।
7