haribhoomi hindi news
Delhi Heatwave Guidelines: दिल्ली में हीटवेव के बढ़ रहे खतरे को देखते हुए शिक्षा निदेशालय की ओर से स्कूलों को निर्देश जारी किए गए हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर...

Delhi Heatwave Guidelines: दिल्ली लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव को ध्यान में रखते हुए शिक्षा निदेशालय की ओर से सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और प्राइवेट स्कूलों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। मौसम विभाग ने राजधानी में बढ़ रहे हीटवेव के खतरे को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

येलो अलर्ट जारी हो जाने के बाद स्कूलों को स्टूडेंट्ल की सुरक्षा के लिए खास सावधानियां अपनाने की सलाह दी गई है। स्कूलों को ठंडे पानी, जागरूकता और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।  

शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार अब स्कूलों में आउटडोर असेंबली को सीमित किया जाएगा या छायादार/इनडोर जगहों पर कम समय के लिए आयोजन किया जाएगा। अब खुले में क्लास लगाने पर भी रोक लगा दी गई है।

स्टूडेंट्स को डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए 'वॉटर बेल' सिस्टम लागू करने के लिए कहा गया है, जिसमें हर 45 से 60 मिनट पर पानी पीने की याद दिलाने के लिए घंटी बजाई जाएगी।

स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वह यह भी सुनिश्चित करें कि परिसर में ठंडे और सुरक्षित पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था हो। इसके अलावा छात्रों को हल्के कॉटन कपड़े पहनकर आने और गर्मी से बचाव के बारे में 
जागरूकता सत्र आयोजित करने पर जोर दिया गया है।

मॉर्निंग असेंबली में बदलाव   

भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में सुबह की प्रार्थना सभा यानी मॉर्निंग असेंबली पर भी बदलाव किया गया है। निर्देश दिए गए हैं कि  असेंबली या तो रद्द कर दी जाए या फिर  केवल छायादार और बंद जगहों (इनडोर एरिया) में ही इसका आयोजन किया जाना चाहिए।

कई बार ऐसा देखा गया है कि गर्मी के दिनों में असेंबली के दौरान खुले मैदान में लंबे समय तक खड़े रहने से अक्सर स्टूडेंट्स डिहाईड्रेशन का शिकार हो जाते हैं, और  उनके स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ता है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। 

स्कूलों के लिए खास सलाह 

  • छात्रों की आउटडोर खेल गतिविधियों से परहेज कराया जाए। 
  • क्लास टीचर रोजाना मौसम से जुड़ी सलाह अभिभावकों तक पहुंचाएं। 
  • स्कूलों में हीटवेव से बचाव से जुड़े पोस्टर प्रदर्शित किए जाएं। 
  • प्रत्येक स्कूल में एक नोडल शिक्षक नियुक्त किया जाए जो इन उपायों की निगरानी करेगा। 

2 मई तक रिपोर्ट करें जमा

शिक्षा विभाग के मुताबिक, सभी स्कूलों को इन नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा उन्हें 2 मई 2026 तक अनुपालन रिपोर्ट भी जमा करने को कहा गया है। 

7