Logo
Delhi Murder Case: दिल्ली में 16 साल के लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, वहीं एक युवक इसमें घायल हो गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

Delhi Murder Case: दिल्ली के मोती नगर से चाकूबाजी की घटना सामने आई है, जिसमें 16 साल के छात्र की हत्या हो गई, वहीं एक युवक इसमें घायल हो गया है। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्मट के लिए भिजवा दिया है। हालांकि अब तक हत्या के सटीक कारणों का पता नहीं लग पाया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।  

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक की पहचान 9वीं क्लास में पढ़ने वाले 16 साल के जावेद के तौर पर हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि DLF पार्क में रविवार की शाम करीब साढ़े 5 बजे से लेकर 6 बजे के बीच चाकूबाजी की घटना हुई थी, जिसमें जावेद और 25 साल के दानिश बुरी तरह घायल हो गए थे। दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां जावेद की मौत हो गई, जबकि दानिश का अभी इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि दानिश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवा दिया गया है।

जावेद के परिजन ने क्या कहा ?

पुलिस के मुताबिक आपसी विवाद के चलते दानिश और जावेद पर चाकू से हमला किया गया है। हालांकि विवाद की वजह अब तक पता नहीं लग पाई है। दोनों की पीठ पर चाकू से हमले के निशान मिले हैं। पूछताछ में जावेद के परिजन का कहना है कि जावेद पढ़ाई में अच्छा था, वह किसी भी विवाद में फंसा नहीं था।

स्थानीय लोगों ने उठाई मांग

DCP शरद भास्कर दराडे का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाशी शुरू कर दी  गई है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पार्क में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं ना हो। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।  

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए  haribhoomi.com के साथ।

5379487