Logo
Loksabha Elections 2024 Phase 6: लोकसभा चुनाव के छठे चरण का मतदान आज 25 मई को हुआ। छठे चरण में दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर वोटिंग खत्म हो गई है। यहां बीजेपी और इंडिया गठबंधन के बीच मुकाबला है।

Delhi LokSabha Election: लोकसभा चुनाव के छठे चरण का मतदान आज 25 मई को हुआ है। ऐसे में सबकी निगाहें देश की राजधानी पर टिकी रहीं, क्योंकि दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीट पर मतदान हुआ।सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरु हो गई, जो कि शाम 6 बजे तक चली। दिल्ली में सभी सीटों पर 54.32 फीसदी वोटिंग हुई।

इस बार के लोकसभा चुनाव में दिल्ली में एक बड़ा परिवर्तन देखने को मिल रहा है, वो ये है कि पहली बार दो बड़ी पार्टियों ने साथ मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन है। इंडिया अलायंस के तहत दिल्ली में ये दोनों दल साथ में चुनावी रण में उतरे हैं। आम आदमी पार्टी 4 सीटों पर तो वही कांग्रेस ने 3 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। जबकि बीजेपी अकेले ही सभी सीटों पर चुनाव मैदान में हैं। यहां पढ़िये मतदान से जुड़ी तमाम अपडेट्स...

दिल्ली में वोटिंग खत्म, 54.32 फीसदी मतदान

दिल्ली में लोकसभा की सभी सात सीटों पर मतदान खत्म हो चुका है। दिल्ली में शाम छह बजे तक 54.32 फीसदी मतदान हुआ। चांदनी चौक लोकसभा सीट पर 53.27 फीसदी, ईस्ट दिल्ली में 54.34 फीसदी, नई दिल्ली में 51.05 फीसदी, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में 58.30 फीसदी, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली में 53.81 फीसदी, साउथ दिल्ली में 52.83 फीसदी और वेस्ट दिल्ली लोकसभा सीट पर 54.89 फीसदी मतदान हुआ।

वोटिंग खत्म, 5 बजे तक 53.73 प्रतिशत हुआ मतदान

दिल्ली में सभी सीटों पर मतदान खत्म हो चुका है। चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में दोपहर 5 बजे तक 53.73 प्रतिशत मतदान हुआ। अब पोलिंग बुथ के अंदर जो लोग मौजूद हैं वो ही वोट डाल पाएंगे, क्योंकि वोटिंग का समय खत्म हो गया है।

3 बजे तक दिल्ली में कहां-कितना मतदान

दिल्ली की चांदनी चौक सीट पर 43.24 फीसदी, पूर्वी दिल्ली में 44.70 प्रतिशत, नई दिल्ली सीट पर 42.17 फीसदी, उत्तर-पूर्वी दिल्ली 47.85 प्रतिशत, उत्तर पश्चिमी 44.78 प्रतिशत, दक्षिण दिल्ली 42.96 फीसदी और पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट पर 44.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने डाला वोट

दिल्ली में CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने लोकसभा के छठे चरण के लिए अपना वोट डाला। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज वोट देकर मैंने देश के नागरिक के तौर पर अपना कर्तव्य पूरा किया।

3 बजे तक 44.58 प्रतिशत मतदान हुआ

दिल्ली में सभी सीटों पर मतदान जारी है। चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में दोपहर 3 बजे तक 44.58 प्रतिशत मतदान हो चुका है।

शैली ओबेरॉय बोलीं यह संविधान को बचानें का चुनाव 

दिल्ली की मेयर शैली ओबेरॉय ने कहा कि ये चुनाव तानाशाही के खिलाफ हैं, संविधान को बचाने के लिए हैं, लोकतंत्र को बचाने के लिए हैं। मैं दिल्ली के लोगों से आग्रह करना चाहती हूं कि वे अपने अधिकारों का प्रयोग करें और संसद में अपना प्रतिनिधि चुनें। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने हमेशा महिलाओं के कल्याण के लिए काम किया है। हमने उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए, हमने उन्हें मुफ्त बस यात्रा दी और हाल ही में मुख्यमंत्री ने दिल्ली की प्रत्येक महिला को हर महीने 1000 रुपये देने की घोषणा की।

1 बजे तक 34.37 प्रतिशत हुआ मतदान

चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में दोपहर 1 बजे तक 34.37 प्रतिशत मतदान हुआ है।

अरविंदर लवली ने वोट डाला

बीजेपी नेता अरविंद लवली ने भी मतदान किया।

दिल्ली में 11 बजे तक 21.69 प्रतिशत मतदान

दिल्ली में 11 बजे तक 21.69 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं, अगर लोकसभा सीट के मुताबिक देखें तो  चांदनी चौक में 18.55 प्रतिशत, पूर्वी दिल्ली में 22.41, नई दिल्ली में 19.18, उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट पर 24.49, उत्तर पश्चिम दिल्ली 22.67, दक्षिणी दिल्ली में 21 और पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट पर 21.56 प्रतिशत मतदान हुआ। 

सीएम केजरीवाल ने किया मतदान 

सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने परिवार से साथ मतदान किया। वोट डालने के बाद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मेरे पिता, पत्नी, बच्चों और मैंने वोट दिया है। मेरी मां आज नहीं आ सकीं क्योंकि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। मैंने तानाशाही, महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ वोट किया है। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे वोट करें। बाहर आओ और वोट करो।

कन्हैया कुमार बोले- लोगों में भारी उत्साह

उत्तर पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार का कहा कि दिल्ली में कांग्रेस को 3 सीटें मिलेंगी और AAP को 4 सीटें मिलेंगी। लोगों में जबरदस्त उत्साह है। भारी मतदान से पता चलता है कि लोग बदलाव चाहते हैं। कई स्थानों पर कुछ ईवीएम काम नहीं कर रहे थे। लेकिन मुझे उम्मीद है कि ईसीआई इसे जल्द से जल्द हल करेगा। जब वे '400 पार' कहते हैं, तो वे पेट्रोल की कीमत के बारे में बात करते हैं, सीटों की संख्या के बारे में नहीं।

उदित राज ने किया मतदान 

उत्तर पश्चिम दिल्ली लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार उदित राज और कांग्रेस के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने मतदान किया।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने किया मतदान 

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने दिल्ली में एक मतदान केंद्र वोट डाला। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि जब मैंने पहली बार वोट डाला तो मैं अपने पिता के साथ गया था और आज वह 95 साल के हैं, उन्होंने आज मेरे साथ वोट किया। यह मेरे और हर किसी के लिए बहुत गर्व की बात है मतदाता अपना वोट जरूर डालें। पूरे देश में बहुत अच्छी वोटिंग हो रही है।

9 बजे तक किस सीट पर कितने प्रतिशत मतदान हुआ

टर्नआउट एप के आंकड़ों के मुताबिक सुबह 9 बजे तक दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीट पर 8.94 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं, अगर सीट वाइज इस आंकड़े को देखें तो चांदनी चौक लोकसभा सीट पर 7.83 प्रतिशत, पूर्वी दिल्ली सीट पर 8.82, नई दिल्ली सीट पर 7.04, उत्तर पूर्वी दिल्ली 10.15, उत्तर पश्चिम दिल्ली 8.99, दक्षिणी दिल्ली  8.88 और पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट पर 9.72 प्रतिशत मतदान हुआ है। 

रॉबर्ट वाड्रा ने किया मतदान 

रॉबर्ट वाड्रा ने दिल्ली में मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हर किसी को बाहर आकर अपना वोट डालना चाहिए और इस बार इंडिया गठबंधन को एक मौका देना चाहिए। 

प्रियंका गांधी ने किया मतदान

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने दिल्ली के एक मतदान केंद्र मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम अपनी शिकायतों को एक तरफ रख रहे हैं और अपने संविधान और लोकतंत्र के लिए वोट डाल रहे हैं। मुझे इस बात पर गर्व है। 

सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने डाला वोट

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और पार्टी सांसद राहुल गांधी वोट डालने के बाद मतदान केंद्र से निकलते समय एक सेल्फी ली।

पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने किया मतदान 

पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मतदान करने के बाद पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि मैं चाहता हूं कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए, विकसित भारत के लिए, हर देशवासी अपने मत का प्रयोग करें। 

सोनिया गांधी और राहुल गांधी वोड डालने पहुंचे

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी सांसद राहुल गांधी वोट डालने के लिए दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। 

स्वाति मालीवाल ने किया मतदान 

आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद स्वाति मालिवाल ने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा दिन है। मैं सभी से अपील करना चाहती हूं, खासकर महिलाओं से कि वे बाहर आएं और अपना वोट डालें। भारत में राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण है। 

उपराष्ट्रपति ने डाला वोट

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अपनी पत्नी सुदेश धनखड़ के साथ दिल्ली के एक पोलिंग बूथ पर वोट डाला।

प्रियंका गांधी के बेटे और बेटी ने किया मतदान

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान राजीव वाड्रा और बेटी मिराया ने दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने डाला वोट 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला।

कौसर जहां ने लोगों से मतदान करने की अपील की

दिल्ली राज्य हज कमेटी की अध्यक्ष कौसर जहां ने मतदान करने के बाद कहा कि मैंने अपने देश की विकास यात्रा में भाग लेने और एक विकसित राष्ट्र के संकल्प को पूरा करने के लिए अपना वोट डाला है। यह मेरा सभी लोगों से अनुरोध और अपील है। दिल्ली के लोग कृपया अपने घरों से निकलें और अपना वोट डालें। आपका वोट देश की विकास यात्रा में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। 

कमलजीत सहरावत बोलीं- आज खास दिन

पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार कमलजीत सहरावत ने कहा कि आज बहुत महत्वपूर्ण दिन है। हमने 84 दिनों तक प्रचार किया है, यह बहुत लंबा समय है। इसलिए हमने लोगों की नब्ज को अच्छी तरह से समझा है। जनता का अपार आशीर्वाद मिला। भाजपा अपने पिछले 10 साल के रिपोर्ट कार्ड के आधार पर चुनाव लड़ रही है। हम पिछली बार से भी अधिक बहुमत से चुनाव जीत रहे हैं।

जय प्रकाश अग्रवाल ने डाला वोट

चांदनी चौक से कांग्रेस उम्मीदवार जय प्रकाश अग्रवाल ने मतदान किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि पूरा चुनाव केवल एक ही मुद्दों पर लड़ा गया है। एक तरफ वर्तमान सरकार है और उसकी विफलता है चाहे वह बेरोजगारी हो या अंतर- राज्य संबंध। कोई भी मुद्दा ऐसा नहीं है जिसमें यह सरकार सफल रही हो। दूसरी तरफ, यह हमारा घोषणापत्र और वादा है कि भारत गठबंधन दिल्ली की सभी 7 सीटें जीतेगा।

मनोज तिवारी ने कन्हैया कुमार पर कसा तंज

उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से सांसद व भाजपा उम्मीदवार मनोज तिवारी ने कन्हैया कुमार निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार (कन्हैया कुमार) देश की सेना को गाली दे रहे हैं। मुझे लगता है कि पारंपरिक मतदाता भी उन्हें वोट नहीं देंगे। वे वोट देने से इनकार कर देंगे। उन्होंने कहा कि  हमें देश के विकास के लिए और पीएम मोदी के लिए वोट देना है।

आतिशी ने एलजी पर लगाए गंभीर आरोप 

दिल्ली की मंत्री और आप नेता आतिशी ने दावा कि है कि हमें आधिकारिक जानकारी मिली है कि कल शाम एलजी ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों की बैठक बुलाई थी और दिल्ली पुलिस को निर्देश दिए गए थे कि जो भी इलाके भारत गठबंधन का गढ़ हैं, वहां वोटिंग धीमी की जाए। अगर ऐसा होता है तो यह स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव का उल्लंघन होगा। इसलिए हमें उम्मीद है कि चुनाव आयोग इस पर संज्ञान लेगा। 

दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने डाला वोट

दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने मतदान किया अपना वोट डाला।

आतिशी ने किया मतदान 

दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने वोट डाला। इस दौरान उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा मतदान करने की अपील की है।

कांग्रेस प्रत्याशी उदित राज ने जीत का दावा किया

उत्तर पश्चिम दिल्ली लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार उदित राज ने कहा कि हर कोई जानता है कि आप-कांग्रेस गठबंधन में हैं। मैं 1.5 महीने से प्रचार कर रहा हूं। मैं आपको बता सकता हूं कि मैं 5 लाख से अधिक वोटों से जीतूंगा। 

गौतम गंभीर ने लोगों से वोट डालने की अपील की

पूर्वी दिल्ली के सांसद और पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि सभी को बाहर आना चाहिए और बड़ी संख्या में मतदान करना चाहिए। यह हमारी शक्ति है, यह हमारा लोकतंत्र है। सरकार ने पिछले 10 वर्षों में विकास के लिए काम किया है।

वीरेंद्र सचदेवा ने किया मतदान 

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मयूर विहार फेज 1 में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से बीजेपी ने हर्ष मल्होत्रा को मैदान में उतारा है।

बांसुरी स्वराज ने डाला वोट

नई दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बांसुरी स्वराज ने वोट डाला। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की है कि विकसित भारत के लिए वोट डालने के अपने अधिकार का प्रयोग करें। 

दिल्ली में कितने पुरुष और महिला वोटर

चुनाव आयोग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक दिल्ली में कुल 1 करोड़ 52 लाख मतदाता हैं। जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 82 लाख 12 हजार के करीब है। वहीं, महिला मतदाताओं की संख्या 69 लाख 87 हजार है। इसके अलावा 1 हजार 228 थर्ड जेंडर वोटर भी हैं।

कहां किससे मुकाबला

चांदनी चौक लोकसभा सीट: यहां से बीजेपी के प्रवीण खंडेलवाल और कांग्रेस के जेपी अग्रवाल उम्मीदवार हैं। पिछले दो लोकसभा चुनावों में भाजपा ने यहां से जीत हासिल की थी।

नई दिल्‍ली लोकसभा सीट: भाजपा ने इस सीट से बांसुरी स्वराज को मैदान में उतारा है। बांसुरी भाजपा की दिवंगत नेता सुषमा स्वराज की बेटी हैं। उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती से है। 2019 में यहां बीजेपी ने जीत दर्ज की थी।

पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट: इस सीट से बीजेपी ने हर्ष मल्होत्रा और आम आदमी पार्टी ने कुलदीप कुमार को उम्मीदवार बनाया है। पूर्वी दिल्‍ली लोकसभा सीट पर 2019 में बीजेपी ने जीत हासिल की थी।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली: यहां से बीजेपी ने मनोज तिवारी को तीसरी बार मैदान में उतारा है। वहीं, कांग्रेस से कन्हैया कुमार मैदान में हैं। इस सीट से मनोज तिवारी 2014 से सांसद हैं।

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली: इस सीट से भाजपा ने योगेन्द्र चंदोलिया को मैदान में उतारा है। तो वहीं कांग्रेस ने उदित राज को टिकट दिया है। 2014 में उदित राज इस सीट पर भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी। हालांकि, इस बार वे कांग्रेस से उम्मीदवार हैं।

पश्चिमी दिल्ली: इस सीट से बीजेपी की कमलजीत सहरावत चुनाव लड़ रही हैं। उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी के महाबल मिश्रा है। 2014 से ये सीट बीजेपी के पास है।

दक्षिणी दिल्ली: दिल्ली की इस सीट से भाजपा के रामवीर बिधूड़ी चुनावी मैदान में हैं, वहीं, सहीराम पहलवान को आम आदमी पार्टी ने सियासी अखाड़े में उतारा है। 2014 से यह सीट बीजेपी के खाते में है।  

किस लोकसभा सीट से कितने प्रत्याशी

दिल्‍ली में इस बार के लोकसभा चुनाव में कुल 162 उम्मीदवार मैदान में हैं। चांदनी चौक से 25, नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली सीट से 28, ईस्ट दिल्ली सीट से 20, नई दिल्ली सीट से 17, नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली सीट से 26, वेस्ट दिल्ली सीट से 24 और साउथ दिल्ली सीट से 22 उम्मीदवार मैदान में हैं। सबसे अधिक 28 उम्मीदवार नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली सीट से हैं।

ये भी पढ़ें:- दिल्ली छावनी में तब्दील, 33000 पुलिसकर्मियों के साथ 51 पैरामिलिट्री कंपनियां रहेंगी तैनात

7 चरणों में हो रहा चुनाव

बता दें कि अभी तक पांच चरण का मतदान हो चुका है। छठे चरण का मतदान आज यानी शनिवार को हो रहा है। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को शुरू हुआ था। दूसरा चरण 26 अप्रैल, तीसरा चरण 7 मई, चौथा चरण 13 मई, पांचवा 20 मई और अंतिम चरण (सातवां) 1 जून को वोटिंग होनी है। वहीं, वोटों की गिनती 4 जून को होगी।  

5379487