देश की राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में 25 फरवरी से लेकर 27 फरवरी तक 48 घंटों के दौरान पेयजल सप्लाई बाधित रहेगी। ऐसे में प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को पर्याप्त पानी का इंतजाम कर लेना चाहिए। बावजूद इसके पेयजल संबंधित किसी भी प्रकार की दिक्कत आती है, तो दिल्ली जल बोर्ड की तरफ से हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
दिल्ली जल बोर्ड ने अपने ऑफिशियल अकाउंट एक्स पर जानकारी दी है कि शहर के कई इलाकों में 25 फरवरी की सुबह 11 बजे से 27 फरवरी सुबह 11 बजे तक पेयजल आपूर्ति ठप रहेगी। दरअसल, भाग्य विहार इलाके के द्वारका वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में 1500 एमएम की पुरानी कच्चे पानी की पाइपलाइन को नई 1500 एमएम व्यास की ट्विन पाइपलाइन से जोड़ने और अलग करने का कार्य किया जाएगा। इसी इंटरकनेक्शन वर्क की वजह से कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी।
दिल्ली के इन इलाकों में पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी
दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि द्वारका वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की पाइपलाइन के इंटरकनेक्शन की वजह से द्वारका और आसपास के कई क्षेत्रों में पेयजल सप्लाई बाधित रहेगी। द्वारका सब सिटी, महावीर एन्क्लेव, विजय एन्क्लेव, उत्तम नगर की कॉलोनियां, पोचनपुर, भरथल, अम्बराही गांव, मधु विहार, सागरपुर, कैलाश पुरी, मंगलापुरी, राजनगर फेज वन, राजनगर फेज टू, बगडोला गांव, बिजवासन, धूलसिरस, बिंदापुर, सेवक पार्क, भारत विहार, सीतापुरी, राजा पुरी, जीवन पार्क, इंद्रा पार्क, मिलाप नगर, चाणक्य प्लेस, अर्जुन पार्क, लक्ष्मी विहार, बजरंग एन्क्लेव, मकसूदाबाद, नया बाजार, साईं बाबा एन्क्लेव और विजय पार्क में पानी की आपूर्ति बाधित रहेगी।
इसके अलावा नांगली सकरावती गांव, नांगली सकरावती एक्सटेंशन, राणा जी एन्क्लेव, श्याम विहा, धर्मपुरा, रोशनपुरा, दीनपुर गांव, मटियाला, पालम, विश्वास पार्क, साध नगर पार्ट वन, साध नगर पार्ट टू, नन्हे पार्क, बामनोली गांव, शाहबाद मोहम्मदपुर गांव, कापसहेड़ा गांव, आईजीआई एयरपोर्ट, आईसीसीसी यशोभूमि, नजफगढ़ टाउन और आसपास के इलाकों में भी पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
दिल्ली जल बोर्ड ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी स्टोर करने और इसका उचित इस्तेमाल करने की सलाह दी है। साथ ही, दिल्ली जल बोर्ड की हेल्पलाइन पर संपर्क कर वाटर टैंकर भी मंगवा सकते हैं। अधिकारियों का कहना है कि द्वारका वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर पुरानी और नई पाइप लाइन के इंटरकनेकशन के कार्य को 48 घंटे के भीतर पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।








